-लगभग 25 साल से बसपा की सेवा का मिला फल : अय्यूब
– मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाना प्रमुख मकसद
फतेहपुर (हि.स.)। करीब 25 सालों से बहुजन समाज पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में समर्पित भावना के साथ बसपा के सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के नारे को साकार करने के मिशन पर जुटे अय्यूब अहमद पर सोमवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने विश्वास जताते हुए फतेहपुर सदर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। अय्यूब अहमद के प्रत्याशी घोषित होने के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उनके आवास पर जहां बधाई देने वालों का तांता लग गया। वही दूरभाष के जरिए भी लोगों ने अय्यूब अहमद को बसपा प्रत्याशी बनाये जाने पर बधाई देते हुए जिताने का भरोसा दिलाया।
बसपा सुप्रीमों मायावती द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद फोन से बातचीत के दौरान बसपा प्रत्याशी अय्यूब अहमद ने कहा कि मैं बहुजन समाज पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हूँ। लगभग 25 सालों से बहुजन समाज पार्टी से जुड़ कर पार्टी की नीतियों व रीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहा हूँ।
कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने जिस विश्वास के साथ उन्हें प्रत्याशी घोषित किया है, मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि फतेहपुर सदर समेत जिले की सभी 6 सीटों पर बसपा प्रत्याशियों की विजय हो और पांचवीं बार मायावती को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन किया जा सके। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की राजनीति करती है और यही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें सभी वर्गों का हित सुरक्षित है।
एक सवाल के जवाब में बताया कि प्रदेश का चहुंमुखी विकास कराने की जब-जब बात आती है तब लोगों के जेहन में बसपा सुप्रीमो का कार्यकाल याद आता है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर मायावती पांचवीं बार आसीन होंगी और भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी का प्रदेश की राजनीति से सूपड़ा साफ हो जाएगा।
देवेन्द्र
