-मछुवारा समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा तीन सूत्रीय ज्ञापन
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में बुधवार को गंगा नदी पर अवैध रूप से माफियाओं द्वारा बालू का खनन फिर से शुरू किये जाने को मछुवारा समुदाय के लोगों ने विरोध करते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे को सौंपते हुए अवैध खनन को तत्काल रोकने की मांग की है।
आयुक्त इलाहाबाद के समक्ष खनन पट्टा आवंटन निरस्ती का वाद लंबित होने के बावजूद माफियाओं द्वारा शुरू किए गए बालू खनन के विरोध में आज कलेक्ट्रेट परिसर में मछुवारा समुदय के लोगों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को तीन सूत्रीय ज्ञापन भेजकर उनकी मांगों को पूरा किए जाने की आवाज उठाई है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मछुवारा समुदाय के लोगों ने बताया कि वह सभी ग्राम देवरानार, देवनार व सिहार के गरीब, पिछड़े वर्ग मछुवारा समुदाय के लोग हैं। शासन ने कुछ लोगों को हतमाली भूमि का आवंटन आसमियान के लिए किया था। जो बाद में उपजिलाधिकारी सदर ने निरस्त कर दिया था। उन्होने राजस्व परिषद के समक्ष नि.सं. 35 सन 2007-8 योजित किया। जो 22 अक्टूबर 2007 को निर्गत हुई। उपजिलाधिकारी का आदेश निरस्त होकर निर्देश जारी हुआ। राजस्व परिषद के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी सदर ने अब तक उक्त प्रकरण का निस्तारण नहीं किया।
उधर जिलाधिकारी ने गलत तरीके से बालू खनन शासन सत्ता के लोगों को कर दिया। जिसके विरुद्ध खनन पट्टा आवंटन निरस्ती का वाद आयुक्त इलाहाबाद के समक्ष लंबित है। इसके बावजूद मौके पर खनन प्रारंभ कर दिया गया है। जिससे गंगा कटरी के गांव व लोगों की खेती खतरे में आ गई है। जिससे भारी क्षति हो रही है।
मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि ग्राम देवरानार एवं सिंहार के सामने किए गए गंगा बालू खनन को तत्काल रोका जाए एवं संबंधित जेसीबी मशीन व पोकलैंड को जब्त कर विधिक कार्रवाई की जाए। गंगा बालू खनन एवं निकासी से जो गांव बहाव के खतरे में आ गए हैं, उनके संबंध में जांच कराकर ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जाए। बालू खनन से होने वाले भविष्य की क्षति से ग्रामीणों की सुरक्षा व संरक्षण प्रदान किया जाए तथा बालू खनन का पट्टा निरस्त किया जाए। अगर इन मांगों पर विचार न किया गया तो हम सभी आंदोलन के लिए विवश हो जाएंगे।
इस मौके पर अखिल भारतीय नवजवान सभा के महामंत्री राकेश कुमार प्रजापति, छोटेलाल, मनोज कुमार, राजेश कुमार, मोनू, रामखेलावन, सोनेलाल, कमलेश कुमार, राजेश कुमार, माया देवी, सीमा देवी, उर्मिला, सुनीता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
देवेन्द्र
