फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को पूर्व कारागार राज्य मंत्री व बिंदकी विधानसभा विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 62 छात्रों को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किए।
टैबलेट वितरण कर उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ जनता के हितों के लिए तमाम कार्य कर रही है। बिन्दकी नगर के कुंवरपुर रोड स्थित अभय प्रताप सिंह डिग्री कॉलेज में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में पूर्व कारागार राज्य मंत्री तथा वर्तमान में बिंदकी क्षेत्र के विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने 62 छात्र-छात्राओं को मुफ्त में टैबलेट स्मार्टफोन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि टेबलेट तथा स्मार्टफोन के जरिए छात्र-छात्राएं अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग कर बेहतर ज्ञानार्जन कर सकेंगे। उन्हें शिक्षा अध्ययन में ऑनलाइन सहायता प्राप्त सकेगी।
उन्होंने कहा कि सभी छात्र छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में सफलता हासिल करें और बड़े अधिकारी बन समाज व देश की सेवा में अपना बहुमूल्य योगदान प्रदान करे। उन्होंने कहा कि सरकारें लगातार जनता के हितों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही हैं। जिनका लाभ जनता को दिया जा रहा है। यदि कोई अधिकारी सरकारी योजना का लाभ जनता तक पहुंचाने पर सफल नहीं होता तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर उप प्राचार्य विनय शुक्ला, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ सत्येंद्र सिंह, डॉ ऋषभ शुक्ला, डॉक्टर इशांत श्रीवास्तव, रामबरन, अश्वनी गुप्ता, कैलाश नारायण शर्मा, रामकुमार साहू, तथा जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।
देवेन्द्र
