-जिले के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री का जताया आभार
-21 विभाग होंगे संचालित, कालेज में 300 बेड की रहेगी सुविधा
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में सोमवार को अमर शहीद अटैया जोधा सिंह ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिद्धार्थ नगर से वर्चुअल लोकार्पण किया। मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण होते ही जिले के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री व केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति का आभार जताया।
आज उत्तर प्रदेश के 08 मेडिकल कॉलेजों के साथ जिले के अमर शहीद अटैया जोधा सिंह ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय का देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिद्धार्थ नगर से वर्चुअल लोकार्पण किया। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अल्लीपुर कस्बे में स्थित मेडिकल कालेज में 21 विभाग(फैकल्टी) संचालित होंगे। प्रत्येक सत्र में 100 छात्र यानि तीनों सत्र में कुल 300 छात्र एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में जहां 21 विभागों में 300 एमबीबीएस छात्र शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। वहीं 500 बेड की भी सुविधा रहेगी।
केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि जिले के विकास के लिए मेरे द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। 212.5 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कालेज से जिले के साथ साथ अन्य जनपदों के इच्छुक छात्र मेडिकल कालेज से डाक्टर की डिग्री लेकर समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करेंगे। मैंने जिले के अमर शहीद अटैया जोधा सिंह व ठाकुर दरियाव सिंह के नाम से मेडिकल कॉलेज का नामकरण करवाने की पहल की जिसे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासनादेश जारी कर मुहर लगा दी। जिन महापुरुषों के नाम से मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया गया है। वे 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के समय जिले में क्रांति का बिगुल फूंका था। करीब एक महीने तक अंग्रेजी गुलामी को उतार कर अपनी सरकार स्थापित कर शासन चलाया। बाद में अंग्रेजों से अपने 50 साथियों के साथ युद्ध किया। पराजित होने पर गिरफ्तारी के बाद ब्रिटिश हुकूमत ने 52 क्रांतिकारियों को बिन्दकी के खजुहा स्थित एक ऐतिहासिक इमली के पेड़ मे एक साथ फांसी दे दी थी। लोकार्पण होनेक्षबाद जिले के लोगों ने खुशी जाहिर की है। मेडिकल कालेज के साथ साथ स्पोर्ट्स कालेज भी लगभग बन कर तैयार हो चुका है। जहां जिले के युवा खेलकूद में भी हिस्सा लेकर अपना कैरियर उज्ज्वल बना सकेंगे।
इस मौके पर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, कारागार मंत्री जयकुमार सिंह जैकी, बिन्दकी विधायक करण सिंह पटेल, विधायक कृष्णा पासवान, विधायक विक्रम सिंह, जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र, महामंत्री पुष्पराज पटेल सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
