Thursday, January 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर: मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में दुबारा बनेगी प्रदेश में भाजपा की...

फतेहपुर: मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में दुबारा बनेगी प्रदेश में भाजपा की सरकार- प्रियंका रावत

-सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से जनता के दिलों से विपक्ष हो चुका गायब

फतेहपुर (हि.स.)। केन्द्र व राज्य सरकार की चल रही जन कल्याणकारी योजनाओं से जनता में खुशहाली आयी है। गांव हो या शहर हर व्यक्ति की जुबान से भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा हो रही है। इन्हीं कार्यों की बदौलत प्रदेश में आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दुबारा भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

उक्त बातें मंगलवार को विधानसभा सम्मेलन में भाग लेने आईं प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत ने एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से कहीं।

शहर के राधा वाटिका में मीडिया से रूबरू होते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत ने कहा कि कोरोना काल में जिस तरीके से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग-अलग जिलों का भ्रमण करके लोगों का हाल जाना है। निश्चित ही आने वाले विधानसभा के चुनाव में भाजपा एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा जिस तरीके से गरीब जनता को भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। गरीब जनता को मुफ्त में राशन वितरित करके उनका पेट भरने का काम भी भाजपा की सरकार ने किया है। उसने तमाम गरीब जनता को उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर, बेरोजगारों को बड़ी संख्या में नौकरी, किसानों की आय दुगना करने के लिए लाभकारी योजनाएं ला करके हर समुदाय के लोगों के लिए भाजपा सरकार ने काम किया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता एक बार फिर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेगी।

एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में सब कुछ मुमकिन है। वर्तमान विधायकों को टिकट को लेकर अलग-अलग जनपदों की मॉनिटरिंग चल रही है, शीर्ष नेतृत्व हर ओर निगाह लगाए हुए है। अगर जरूरत पड़ी तो भाजपा यह कदम उठाने में भी पीछे नहीं हटेगी। हालांकि उन्होंने साफ कहा भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए तैयार है। कौन सी पार्टी से मुकाबला होगा? इस सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कोई मुकाबले में है ही नहीं। प्रदेश में सरकार की चल रही जन कल्याणकारी योजनाओं से जनता के दिलों से विपक्ष गायब हो चुका है। गांव हो या शहर सब जगह सिर्फ भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं की ही चर्चा हो रही है। जनता ने एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। यह हवा बदलने वाली नहीं है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री पुष्पराज पटेल, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, नीरज सिंह, उदयवीर सिंह लोधी, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंजू शुक्ला, पंकज त्रिपाठी, विवेक श्रीवास्तव, अभिजीत भारती मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular