फतेहपुर(हि.स.)। जिले में सोमवार को एक बेसहारा बुजुर्ग महिला की जान बचाकर पत्रकार व व्यापारी ने मानवता की मिसाल कायम की है। महिला बेहोशी की हालत में पड़ी कांप रही थी। जिसे आनन फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
शहर के ज्वालागंज स्थित बस स्टॉप में लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला अचेतावस्था में पड़ी मिली। महिला की हालत इतनी दयनीय थी कि वह कांप रही थी। हालांकि वहां पर काफी लोगों की भीड़ मौजूद रही। लेकिन बुजुर्ग महिला की दयनीय स्थिति को देख कर कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। तभी बस स्टॉप के निकट किराना व्यापारी शैलेंद्र कुमार गुप्ता की नजर पड़ी। उन्होंने 108 एम्बुलेन्स की मदद से महिला को साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी हालत में सुधार हुआ और होश आ गया।
जिला अस्पताल में मौजूद शहर के उत्तरी गौतम नगर निवासी पत्रकार रानू मिश्रा ने बुजुर्ग महिला को अपने हाथों से खाना खिलाकर मानवता की अदभुत मिसाल पेश की। पत्रकार के इस कदम की लोग सराहना कर रहे हैं। उधर, महिला के मिलने की सूचना पर अस्पताल पहुंची कोतवाली पुलिस को महिला के पास कुछ जेवर और नगद रुपये मिले हैं। जिसे पुलिस की सुपुर्दगी में रखवा दिया गया है।
कोतवाल आनन्द प्रकाश शुक्ला ने बताया कि बुजुर्ग महिला के पास से कुछ जेवर व रुपये मिले हैं। जिसे कोतवाली में सुरक्षित रखवा दिया गया है। बुजुर्ग महिला की पहचान कौशाम्बी के भरवारी कस्बा निवासिनी के रूप में हुई है। जिसके परिजनों से सम्पर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
देवेन्द्र
