Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर: मांगों को लेकर बहुआ ब्लाक में ग्राम प्रधानों का प्रदर्शन

फतेहपुर: मांगों को लेकर बहुआ ब्लाक में ग्राम प्रधानों का प्रदर्शन

– मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में सोमवार को बहुआ विकास खण्ड में ब्लाक प्रधान संघ अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन विकास खण्ड अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अपनों मांगों के शीघ्र समाधान किये जाने की मांग की।

आज अखिल प्रधान संघ के आह्वान पर राज्य के सभी ब्लाकों में ग्राम प्रधानों द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। बाद में मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी को सौपा गया।

ब्लाक बहुआ में अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि अखिल भारतीय प्रधान संगठन द्वारा रमाबाई अम्बेडकर मैदान लखनऊ में गत 28 अक्टूबर को 40000 से अधिक प्रधानों की महारैली के माध्यम से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखते हुए उन पर क्रियान्वयन के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। परन्तु समयावधि समाप्त होने के बावजूद प्रदेश सरकार द्वारा संगठन की किसी भी मांग पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसके कारण मजबूर होकर आज एक दिन का कार्य बहिष्कार करते हुए प्रदेश के सभी 826 ब्लाकों में खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को पुनः मांग पत्र सौपा जा रहा है जिसके क्रम में बहुआ ब्लाक से भी ज्ञापन प्रेषित किया जा रहा है। यदि इसके बावजूद भी हमारी मांगों पर उचित कार्यवाही नहीं की गई तो आगामी 25 नवंबर से पूरे उत्तर प्रदेश में काम बंद करते हुए असहयोग आंदोलन चलाया जायेगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होंगी।

बहुआ ब्लॉक की प्रधान संघ अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानों की मांगों पर सरकार लगातार अनदेखी कर रही है। प्रधानों के ऊपर फर्जी मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। प्रधानों से बिना पूछे भर्तियां की जा रही हैं। अब प्रधान भर्तियों के कर्मचारियों को वेतन देंगे तो विकास किस पैसे से होगा। संविधान में 73वें संविधान संशोधन में प्रधान को मुख्यमंत्री के स्वायत्त अधिकार देने की बात कही गयी है। लेकिन प्रधानों के अधिकारों को लगातार खत्म किया जा रहा है। हमारी मांगों में वित्तीय अधिकार बढ़ाने से लेकर शस्त्र लाइसेंस और कई अन्य मांगे हैं। ग्राम पंचायतों के अधिकारों को मजबूत करने के लिए 1992 में 73वां संविधान संशोधन किया गया था। इसके माध्यम से पंचायतों को अपनी स्वयं की सरकार के अधिकार होने की बात कही गयी थी जिससे पंचायती राज की त्रिस्तरीय व्यवस्था ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायत को अधिक से अधिक अधिकार मिल सके।

इस दौरान संरक्षक प्रधान बड़ागांव राम बहादुर, अध्यक्ष हेमलता पटेल, उपाध्यक्ष प्रधान मंजू सुरेंद्र यादव, आडिटर प्रधान पुष्पा देवी, प्रधान शिवबालक, प्रधान शिवप्रसाद, प्रधान भीम सिंह, प्रधान रामराज, राजकुमार, शैलेश कुमार, मुन्ना सिंह, अरविंद, सुमित्रा सिंह, आलिया बानों आदि उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES

Most Popular