-भाकियू टिकैत गुट ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर बनाई आंदोलन की रणनीति
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता के ऊपर कर्नाटक में किए गए जानलेवा हमले का व स्याही छिड़कने को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी को दिया जिसमें आरोपियों के खिलाफ शीघ्र दण्डात्मक कार्रवाई की मांग की गई और राष्ट्रीय प्रवक्ता को सुरक्षा प्रदान किये जाने की भी मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री को सम्बोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
आज बिन्दकी नगर के तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के लोगों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी बिंदकी अवधेश कुमार निगम को सौंपा। ज्ञापन में यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता किसान नेता राकेश टिकैत के ऊपर किए गए कर्नाटक में जानलेवा हमला तथा स्याही छिड़कने की घटना पर जमकर विरोध जताया और मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। तथा किसान नेता राकेश टिकैत को सुरक्षा प्रदान की जाए।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की जिला ईकाई के पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार की मिलीभगत के कारण घटना को अंजाम दिया गया है इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। उन कहा यदि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई व किसान नेता राकेश टिकैत को सुरक्षा प्रदान की गई तो यूनियन के लोग चुप बैठने वाले नहीं है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के लोग आगामी 2 जून को नगर के ललौली रोड फरीदपुर मोड में एक विशाल पंचायत करने की भी घोषणा की जिसकी जानकारी यूनियन के मलवा ब्लाक अध्यक्ष जय सिंह यादव ने देते हुए कहा कि जर्जर सड़कों को बनवाने, 18 घंटे बिजली आपूर्ति सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर पंचायत की जाएगी जिसमें हजारों की संख्या में किसान तथा अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर यूनियन के मलवां ब्लाक अध्यक्ष जय सिंह यादव, रामसहाय पटेल, अशोक उत्तम, नवल सिंह पटेल, रतीराम, मनोज कुमार, प्रेम सिंह पटेल, प्रकाश पटेल, प्रियंका देवी, अजीत उत्तम, कुलवंत सिंह पटेल आदि लोग मौजूद रहे।
देवेन्द्र
