-रात के अंधेरे में दूसरा बदमाश भागने में रहा सफल, पुलिस कर रही ईलाके की काम्बिंग
-घायल बदमाश को गिरफ्तार कर ईलाज के लिए जिला अस्पताल में कराया भर्ती
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में शुक्रवार बीती रात थाना कल्यानपुर क्षेत्र के गंगा कछार क्षेत्र के बक्सर घाट के जंगल में पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़ हुई। मुठभेंड़ के दौरान एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश के पास एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
आज थाना कल्यानपुर पुलिस व एसओजी टीम द्वारा गुनीर रोड़ बक्सर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान जनपद उन्नाव की तरफ से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने की कोशिश की गयी। रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंककर वापस उन्नाव की तरफ भागने लगे। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लगी है जिसको उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। तथा दूसरा बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर भाग गया है। उसे पकडऩे के लिए आसपास के क्षेत्र में पुलिस की काम्बिंग चल रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अजमेरी पुत्र मुन्ना खां निवासी कोड़ा जहानाबाद, थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर के कब्जे से 01 अदद तमंचा, 01 अदद जिंदा कारतूस व 01 अदद खोखा कारतूस बरामद किया गया। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठा कर भागने में सफल रहा। काम्बिंग की जा रही है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार किया जायेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार घायल अभियुक्त अजमेऱी नट के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों पर लूट, हत्या, डकैती व गौकशी जैसे संगीन धाराओं के लगभग 14 मुकदमें दर्ज हैं। आस पास के जनपदों से भी अभियुक्त का आपराधिक इतिहास खोजा जा रहा है।
