फतेहपुर (हि.स.)। जिले में शनिवार को बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से खड़े तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से छह जिन्दा कारतूसों के तीन अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा है।
जानकारी के अनुसार धाता थाना व कस्बा क्षेत्र में आज सुबह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ धाता चौराहे पर घेराबंदी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सत्य प्रकाश सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी देवरी मोड़ थाना व कस्बा धाता, महताब अली पुत्र जुल्फिकार निवासी कैथाना कारीकान थाना धाता व अजय सिंह पुत्र फूल सिंह निवासी बी-16 ट्रांसपोर्ट नगर प्रयागराज को मुखबिर की सटीक जानकारी पर धाता चौराहे से उस समय गिरफ्तार किया गया जब बदमाश बड़ी वारदात की तलाश में खड़े थे। गिरफ्तार किये गये बदमाशों के पास से तीन अवैध तमंचा व छह जिन्दा कारतूस बरामद हुए हैं।
बदमाशों से पूछताछ से पता चला कि वह लूट की नीयत से घात लगाये चौराहे में खड़े थे। लेकिन पुलिस की सक्रियता व त्वरित कार्रवाई से कस्बे में एक बड़ी अपराधिक घटना होने से बच गयी है। तीनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
