– जिलाधिकारी से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्थल परिसर में बने कमरों पर तहसील प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर गिराने जाने के खिलाफ नाराज परिजन स्मारक स्थल पर प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गये। तहसील प्रशासन की कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए गलत बताया और जिलाधिकारी से मामले की जांच कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के सम्मान को पुनर्स्थापित करने की मांग की। साथ ही गैरजिम्मेदार तहसील कर्मियों पर कार्रवाई की बात कही।
बिंदकी तहसील क्षेत्र के साईं गाँव में स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्थल परिसर में बने कमरों में जिला प्रशासन का बुलडोजर चल गया। जिसके बाद कार्रवाई से नाराज स्वतंत्रता सेनानी के परिजन व ग्रामीण धरने पर बैठ गए और कार्रवाई को गलत बताते हुए तहसील प्रशासन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई किये जाने की मांग की। कार्रवाई न किये जाने की स्थिति में मुख्यमंत्री व राज्यपाल से मिलकर शिकायत करने की बात कह रहे हैं।
स्वतंत्रता सेनानी के पौत्र कमलाकांत का कहना है कि स्वतंत्रता सेनानी ने अपने जीवन काल में बड़ा परिवार होने के कारण आवास निर्माण के लिए तत्कालीन जिलाधिकारी को पत्र लिखकर ग्राम सभा की जमीन की मांग की थी। जिसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी ने नवीन परती भूमि पर चहारदीवार करा भवन बनाने की अनुमति दी थी। उसके बावजूद भी जमीन पर बने कमरे को बुलडोजर से जबरदस्ती गिरा दिया गया। कमरा गिराने से पहले हम लोगों को कोई नोटिस भी नहीं दी गई।
इस मामले में उपजिलाधिकारी बिंदकी अवधेश कुमार निगम ने बताया कि स्मारक पूरी तरह सुरक्षित है। सरकारी जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्ज़ा कर रहे थे जिसे गिरवाया गया है।
देवेन्द्र
