Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर: जिले के शहीदों के नाम से मेडिकल काॅलेज का हुआ नामकरण

फतेहपुर: जिले के शहीदों के नाम से मेडिकल काॅलेज का हुआ नामकरण

– शासन का आदेश आते ही जिले के लोगों ने जताई खुशी

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में बन रहे मेडिकल काॅलेज का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद जोधा सिंह अटैया करने पर लोगों ने खुशी जताई।

मेडिकल कालेज के नामकरण का आदेश शासन से आते ही जिले की सांसद व केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने हर्ष जताते हुए कहा कि जिले के लिए यह गौरव की बात है। जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को आज सच्ची श्रद्धांजलि भाजपा सरकार ने अर्पित की है। जिले के लोगों की मांग आज योगी सरकार ने पूरी कर दी है। जिले सहित पड़ोसी जनपदों के मेडिकल की पढ़ाई करने वाले युवाओं को अब सुनहरा मौका मिलेगा कि अपने घर के नजदीक ही वे डॉक्टर बन सकेंगे।

प्रमुख सचिव आलोक कुमार की ओर से जारी आदेश में मेडिकल कालेज का नाम अमर शहीद जोधा सिंह अटैया व ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय कर दिया गया है।

जिले की सांसद और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने दोनों नामों का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शहर मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर अल्लीपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवा दो सौ करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल काॅलेज की इमारत बन रही है। मेडिकल कालेज के नामकरण को लेकर सत्तासीन दल सहित विभिन्न संगठन लगातार मांग कर रहे थे कि इसका नामकरण 1857 की क्रांति में जिले का नेतृत्व करने वाले अमर शहीद जोधा सिंह अटैया व ठा. दरियांव सिंह के नाम से किया जाए। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में जिले में आंदोलन का नेतृत्व करते हुए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीद के नाम पर मेडिकल कालेज का नामकरण किये जाने पर लोगों ने खुशी जताई है।

प्राचार्य डा. आर के सिंह ने बताया कि वास्तव में जिले के लिए यह गौरव व हर्ष की बात है कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के नाम से मेडिकल कॉलेज का नामकरण हुआ है जो निर्विवाद है। मेडिकल कालेज का इस वर्ष से सत्र शुरू हो चुका है, जिसमें चालू सत्र 2020-21 में 100 छात्रों को एमबीबीएस की पढ़ाई करने का मौका भी मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular