फतेहपुर(हि.स.)। जिले में बुधवार भोर पहर अवैध व अपमिश्रित शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर थाना पुलिस व आबकारी टीम द्वारा एक गांव में की गयी छापेमारी के दौरान 14 अवैध शराब भट्ठियां पकड़ी गई और मौके पृ से 1540 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए 32 कुंतल लहन को नष्ट कराने का काम किया।
बकेवर थानाध्यक्ष नीरज कुमार यादव व मुसाफा चौकी प्रभारी अपने हमराही सिपाहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम के साथ ग्राम कंजरनडेरा में दबिश दी। दबिश की भनक अवैध शराब कारोबारियों को लग गई और वह सभी मौके से फरार हो गए। टीम ने गांव में 14 अवैध शराब की भट्ठियों को पकड़ा। 1540 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए 32 कुंतल लहन को मौके पर नष्ट करा दिया। टीम ने मौके पर मिली सामग्री कब्जे में ले ली और थाने आ गई। छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी फरार हो गये। टीम को मौके पर कोई नहीं मिला।
बकेवर थानाध्यक्ष नीरज कुमार यादव ने बताया कि आज थाना क्षेत्र के कंजरनडेरा में छापेमारी की गयी। जिसमें भारी मात्रा में कच्ची शराब व लहन बरामद हुआ है। संचालित 14 शराब भट्ठियों को नष्ट कर दिया गया है। इस दौरान कोई कारोबारी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार पनपने नहीं दिया जाएगा। समय-समय पर उनकी टीम क्षेत्र में अभियान चलाती है। अवैध शराब के कारोबार में जो भी लिप्त हैं शीघ्र ही उनको गिरफ्तार करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देवेन्द्र
