फतेहपुर (हि.स.)। जिले में बुधवार को चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले घुमंतू गिरोह की चार महिलाओं व एक युवक समेत पांच शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के पास से चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों के साथ लगभग एक किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना के शाह चौकी क्षेत्र में चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार मौर्य मय पुलिस बल के गस्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शाह क्षेत्र के हनुमान गढ़ी तिराहा के समीप पहुंचकर पुलिस दल ने घुमंतू गिरोह के धनंजय पुत्र केशरी लाल, शांति बाई पत्नी मंदर, ममता बाई पति धनराज, सुनीता पति सुरेंदर व अंतिमा बाई पति भूपेंद्र निवासी अतरू जनपद बारा राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
हत्थे चढ़े शातिरों से 03 अदद पेचकस, एक सब्बल व 03 अदद चाबी के गुच्छे के अलावा शातिर बदमाश धनराज के कब्जे से एक किलो सौ ग्राम गांजा भी पुलिस ने बरामद किया है।
शाह चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार मौर्य ने बताया कि ये लोग घूम-घूम कर दुकानों से चोरी करने का काम करते थे। इस मामले में 04 महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कानूनी कार्रवाई की है।
