– एक ने पिता की डांट से व दूसरे ने पत्नी से हुए विवाद से क्षुब्ध होकर खाया जहर
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में सोमवार को खखरेरू थाना क्षेत्र की चचीडा मजरे मनकापुर गांव में अलग-अलग घरों में जहर खाकर हुई आत्महत्याओं की घटनाओं से परिवार सहित गांव में मातम छा गया।
पहली घटना मनकापुर निवासी रघुराज पुत्र राम दुलारे पासवान जिसने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता रामदुलारे ने दो शादी की थी। एक पत्नी से रघुराज व दूसरी पत्नी से शिवश्याम पुत्र थे। राम दुलारे शिवश्याम के साथ रहता था। राम दुलारे कल शाम जब अपने नलकूप पहुंचा तो वहां उसका स्टार्टर चोरी हो गया था। जिसकी जानकारी उसने घर आकर पुत्र शिवश्याम को दी।
शिवश्याम ने रघुराज को बुलाकर उस पर स्टार्टर चोरी का आरोप लगाते हुए बहस शुरू कर दी। जिससे क्षुब्ध होकर सौतेले भाई रघुराज ने जहर खाकर लिया। मृतक ने परिजनों को पेट दर्द के बारे में बताया था जिस पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। तभी रास्ते में दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना में गांव निवासी लखन (30) पुत्र राजकरण निर्मल जो सूरत में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। दशहरे की छुट्टी में त्यौहार मनाने घर आया था। बीती रात पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन निजी साधन से इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते मे उसने दम तोड़ दिया। मृतक लखन अपने पीछे 04 पुत्र व पुत्रियों समेत पत्नी गीता को छोड़ गया है। घटनाओं के बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया। ग्रामीण दोनों परिवारीजनों को ढाढ़स बंधाते रहे।
थानाध्यक्ष जयचंद भारती ने बताया कि घटनाओं की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच कर दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक रघुराज की जहर खाने की पुष्टि हो चुकी है। जबकि लखन के जहर खाने की पुष्टि होना बाकी है। दोनों ही घटनाओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
