-उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग
फतेहपुर, (हि.स.)। जिले में सोमवार को तहसील बिन्दकी के कोटेदारों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। शीघ्र समाधान की मांग करते हुए उपजिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। समाधान न होने पर आगामी 20-21नवंबर को दो दिवसीय हड़ताल की चेतावनी भी दी।
आज बिन्दकी तहसील के समस्त कोटेदारों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग करते हुए कहा कि कोटेदारों को कम से कम 30 हजार रुपये मानदेय व प्रति कुंतल 03 सौ रुपये कमीशन दिया जाय। 2001 से 2016 तक कोटेदारों द्वारा उठाये गये खाद्यान्न व अन्य बकायों का भुगतान किया जाय। जब ईपॉस मशीन से सभी खाद्यान्न का ऑनलाइन वितरण किया जाता है तो फिर वितरण प्रमाण पत्र व बिक्री रजिस्टर आदि अनावश्यक कागजी औपचारिकताएं खत्म की जाय। साथ ही ईपॉस मशीन के लिए आवश्यक वस्तुओं देने की व्यवस्था की जाय। कोटेदारों का 50 लाख का बीमा कराया जाय और कोरोना से दिवंगत कोटेदारों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाय। कोटेदारों से 2016 में चीनी कू ली गयी धनराशि वापस की जाय।
कोटेदारों ने प्रशासन को हड़ताल की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमारी मांगे नहीं मानी जाती तो हम लोग आगामी 20 व 21 नवंबर को हड़ताल पर रहेंगे और आगामी 03 दिसंबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर मलवां कोटेदार संघ ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार सिंह, खजुहि ब्लॉक अध्यक्ष भारत सिंह, सतीश कुमार पटेल, नितिन यादव, दीपांकर यादव, शिव शरण सिंह, राजकरण मिश्रा, अखिलेश शुक्ला, राकेश सहित अन्य कोटेदार उपस्थित रहे।
