फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को कृषि विज्ञान केन्द्र थरियांव का निरीक्षण निदेशक प्रसार डॉ. एके सिंह चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रोद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले के किसानों से कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र की नवीनतम तकनीकों की जानकारी लेकर किसान अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करके अपनी आय बढ़ाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जिले के किसान कृषि विज्ञान केन्द्र थरियांव से सम्पर्क करके अपनी आवश्यकता की नवीनतम जानकारी लेकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जहां इस समय केन्द्र परिक्षेत्र में विभिन्न प्रकार के बीजों उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। कई यूनिट जिसमें धान की 10 प्रजातियों की क्रॉप कैफेटेरिया लगाई गई है।
कृषि विज्ञान केन्द्र में खेत व तालाब तैयार कर मछली पालन, बत्तख पालन एवं मोती की खेती की तैयारी की जा रही है। पोषण सुरक्षा के लिए पोषक रसोई बागवानी लगाई गई है। बकरी पालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, औषधीय, सुगंधीय वाटिका, वर्मी कम्पोस्ट, वर्मी बाश, अजोला यूनिट विकसित की गई हैं।
कृषि वैज्ञानिक डॉ जितेन्द्र सिंह प्रभारी अधिकारी, डॉ. साधना वैश गृह वैज्ञानिक, डॉ. देवेन्द्र स्वरुप, पशुपालन वैज्ञानिक, डा. नौशाद आलम, प्रसार वैज्ञानिक, डा. जगदीश किशोर एवं डा. अलका कटियार ने अपने-2 यूनिट पर जानकारी दी।
निदेशक प्रसार ने 10 सितम्बर-2021 को माडल गांव की कार्यशाला की तैयारी की समीक्षा की। कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा जिले की लाभकारी खेती के माड्यूल तैयार करने के लिए माॅडल गांव चयनित कर कार्य प्रारम्भ किया है।
