-भाकियू लोक शक्ति की बैठक में कृषि कानूनों का किया विरोध
-संगठन विस्तार करते हुए पदाधिकारियों को किया मनोनीत, माला पहनाकर स्वागत
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में रविवार को भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि यदि समय से किसानों को खाद, बीज न मिला तो संगठन जिला प्रशासन का घेराव करेगा। बैठक में नए कृषि कानूनों का विरोध भी किया गया। संगठन में पदाधिकारी मनोनीत कर उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत भी किया।
शहर के नहर कालोनी प्रांगण में यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह पटेल की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों को आ रही खाद, बीज की समस्याओं को लेकर गहन चर्चा की। सरकार को आगाह किया कि अगर किसानों को सही समय पर खाद, बीज, पानी व बिजली उपलब्ध नहीं कराया तो संगठन प्रशासन का घेराव करेगा। बैठक में काले कानूनों का विरोध जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक केन्द्र सरकार इन कानूनों को वापस नहीं लेती तब तक इसका विरोध जारी रहेगा।
आगामी 22 नवंबर को संयुक्त मोर्चा की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति की जनपद इकाई के पदाधिकारी लखनऊ पहुंचकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
बैठक में आशीष कुमार को युवा जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। ऊषा गुप्ता को जिला सचिव महिला सभा, पूनम तिवारी को बिंदकी विधानसभा अध्यक्ष, सुनैना विश्वकर्मा को बिंदकी विधानसभा का उपाध्यक्ष महिला सभा, किरन पांडेय को नगर अध्यक्ष महिला सभा, विमला तिवारी को बिंदकी विधानसभा का महासचिव नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर प्रीती सिंह, पुष्पेन्द्र यादव एडवोकेट, संतलाल पटेल एडवोकेट, नरेश गुप्ता, अमित मौर्या, हाकिम पटेल, राम विशाल, डा. फकीरे लाल, भानु प्रताप, गुड्डू मौर्य, आकाश चक्रवर्ती, हरीश चंद्र पटेल मौजूद रहे।
