– आग से कालेज में मौजूद छात्राएं व शिक्षिकाएं फंसी, पुलिस ने बाहर निकाला
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को एक कालेज के दो चार पहिया वाहन, तीन दोपहिया सहित पांच गड़ियों में आग लग गई। आग की लपटों से कालेज में छात्राओं व शिक्षिकाओं के बीच भय व्याप्त हो गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने सभी को सकुशल बाहर निकाला।
बिंदकी नगर के जहान पुर मोहल्ला स्थित आर एस जी इंटर कॉलेज परिसर में खड़ी दो मारुति वैन, दो मोटरसाइकिल, एक साइकिल में संदिग्ध अवस्था में आग लग गई।आग देखते ही देखते दोनों मारुति में दोनों बाइक तथा साइकिल आग का गोला बन गई। जिसके चलते हड़कंप मचा रहा।मौके पर भारी भीड़ लग गई।
सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिस कालेज में आग लगी उसमें काफी संख्या में छात्राएं कमरों के अंदर मौजूद थी, शिक्षिकाएं भी थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला और देखते ही देखते गाड़ियां राख हो गई।
प्रिसिंपल ने बताया कि मारुति वाहनों में एलपीजी गैस भरी जा रही थी तभी अचानक आग लग गई और मारुति वैन में सिलेंडर होने के कारण सिलेंडर फट सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था लेकिन कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ यह खुशकिस्मती रही।
कोतवाली प्रभारी रवीन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी छात्र-छात्राओं को तथा शिक्षिकाओं को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
देवेन्द्र
