फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को आशनाई के चलते युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और युवक की लाश नहर में फेंक कर हमलावर मौके से फरार हो गए। जब ग्रामीण जंगल की तरफ गए तो युवक का शव देख हतप्रभ हो गये। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थरियांव थाना क्षेत्र के अतरहा गांव के किनारे युवक की गोली लगी लाश नहर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। जिसके बाद इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस द्वारा किये गए जांच में आशनाई का मामले उजागर हुआ है। मृतक शिवबरन (37) के भांजे के मुताबिक बीती रात एक लड़की का उसके पास फ़ोन आया था। उसने बताया कि तुम्हारे मामा की बाइक हमारे गाँव के बाहर खड़ी है। जिसके बाद सुबह पहर दोबारा उसी लड़की ने मुझे फ़ोन करके बताया कि गाँव के बाहर नहर के पास लोगों की काफी भीड़ लगी है। हम स्थानीय चौकी पहुंचे तो पता चला की मेरे मामा रामबरन की गोली मार कर हत्या की गयी है। परिजनों ने गोरेलाल यादव सहित उसके साथियों पर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थरियांव थाना क्षेत्र के अतरहा गाँव के नहर में शिव बरन की क्षत-विक्षत शव मिला है। घटना की पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद उसी के अनुसार अग्रिम जांच की जायेगी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।
देवेन्द्र
