Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर: अब छात्रों की ड्रेस, बैग व जूते-मोजे खरीदेंगे अभिभावक

फतेहपुर: अब छात्रों की ड्रेस, बैग व जूते-मोजे खरीदेंगे अभिभावक

-अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से जायेगी धनराशि

जिले के 2266 विद्यालयों में पंजीकृत हैं 273237 छात्र

-बेसिक शिक्षा निदेशक के आये आदेश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को दिये निर्देश

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मिलने वाली ड्रेस, स्वेटर, बैग, जूता-मोजा आदि अब विद्यालयों से न बंटवाकर बच्चों के अभिभावकों को खरीदने का अधिकार दिया जायेगा। अभिभावकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे निर्धारित धनराशि हस्तांतरित की जायेगी। हालांकि धनराशि कितनी दी जाएगी अभी इसका खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन व्यवस्था को लागू करने की तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी व्यवस्थायें करने के निर्देश विभागीय उच्चाधिकारियों ने पत्र जारी कर कहा है कि अभिभावक का बैंक खाता संख्या, आधार फीड होना चाहिये।

शिक्षा निदेशक बेसिक डा.सर्वेन्द्र विक्रम बहादुर सिंह ने आदेश जारी करते हुए मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशकों एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों से कहा गया है कि धनराशि हस्तांतरण को लेकर लेखाधिकारी तथा खण्ड शिक्षाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हे निर्देश जारी कर दें जिससे व्यवस्था को समय से संचालित की जा सके।

जिले में 2266 विद्यालयों के 2 लाख 73 हजार दो सौ 37 छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खाते में स्कूल ड्रेस, स्वेटर, बैग व जूता-मोजा की धनराशि सीधे खाते में भेजी जायेगी। इस बाबत निर्देश शासन ने हाल ही में जारी किये हैं। जिसमें कहा है कि शैक्षिक सत्र 2021-22 में धनराशि सीधे छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खाते में हस्तांतरित की जायेगी। व्यवस्था बाधित न हो इसके लिये तैयारियां पहले से करने को कहा है। जिससे समयबद्ध तरीके से धनराशि अभिभावकों के खाते में हस्तांतरण कर दिया जाये। जिससे अभिभावक बच्चों को यूनीफार्म, स्वेटर, बैग व जूता-मोजा समय से खरीद सकें। कोरोना के चलते वैसे ही सत्र की व्यवस्थायें धीमी हैं। विद्यालय खुले जरूर हैं लेकिन अभी इन्हे पूरी तरह से व्यवस्थित रूप से संचालित नहीं किया जा पा रहा है।

जिले में 389 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 47465 छात्र अध्ययनरत् हैं। जनपद के 13 विकास खण्डों की 834 ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय 1383 हैं जहां 127258 छात्र पंजीकृत हैं।प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अलावा 494 कम्पोजिट विद्यालय हैं जहां 98514 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।

जिले में 2266 विद्यालयों में 273237 छात्र-छात्राओं के लिये जो व्यवस्था शासन द्वारा लागू की जा रही है वह विभाग के लिये किसी चुनौती से कम नहीं है।

शासन द्वारा जो निर्देश जारी किया गया है उसमें निःशुल्क ड्रेस, स्वेटर, स्कूल बैग व जूता-मोजा की योजना से आच्छादित होने वाले छात्र-छात्राओं का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अंकित कराया जाना है। अभिभावकों की सहमति से विद्यालय स्तर पर एकत्र कर लिये जायें। यह भी सुनिश्चित कर लिया जाये कि अभिभावकों के आधार से उनके बैंक खाते फीड हैं या नहीं। अगर बैंक खाते जो आधार से लिंक हैं तो निष्क्रिय तो नहीं हैं।

बेसिक शिक्षा निदेशक ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व अभिभावकों की बैठक भी कराने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिये हैं जिससे किसी भी तरह की कोई दुविधा न रहे।

बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने कहा है कि शासन ने निर्देश जारी किया है उसके तहत कार्रवाई की जा रही है और खण्ड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular