-स्वच्छता दूत हुए सम्मानित, शपथ दिलाई व निकाली रैली
कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर के विधायक पी एन पाठक ने रविवार दोपहर नगरपालिका सभागार में आयोजित प्लास्टिक मुक्त शहर अभियान का शुभारंभ करते हुए लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। स्वच्छता दूतों समेत सफाई व्यवस्था से जुड़े कई कर्मचारियों का सम्मानित किया। जागरूकता रैली निकाल प्लास्टिक का उत्पादन, बिक्री व प्रयोग बन्द करने का आह्वान किया।
शपथ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का अभियान जन जन की सहभागिता से ही सम्भव है। स्वच्छता दूतों व व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा जन जन की सहभागिता बहुत जरूरी है। अन्यथा आने वाले समय में प्लास्टिक मानव सभ्यता के लिए बड़ा खतरा बन जायेगा। यह जलवायु को प्रभावित करेगा जिससे कृषि प्रभावित होगी। सभी अग्रणी लोगों का कर्तव्य है कि जागरूकता गोष्ठी, वाल पेंटिंग, प्रचार प्रसार के माध्यम से हर एक व्यक्ति को जागरूक करें। तभी इस चुनौती से निबटा जा सकेगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व देवी दयाल वर्मा ने प्लास्टिक के उत्पादन, बिक्री व प्रयोग को लेकर बने कानूनी प्राविधान दण्ड व जुर्माना का उल्लेख करते हुए सचेत किया। सभासद प्रतिनिधि राधेश्याम गौंड, रामाधार यादव व अशोक चौधरी ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष साबिरा खातून ने की। अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्त ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी आगंतुकों का स्वागत किया।
स्वच्छता अभियान को गति देने के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए परवेज आलम, श्रवण तिवारी, साकेत, उग्रसेन, आमिर, रामनिवास, रुदल, अनुराग यादव, मुकेश पासवान, सिकन्दर , मंगरु, राजकुमार, रुदल, सुरेश, छेदी, सूरज, पिंटू, दयानन्द, उपेंद्र, चंद्रेश को विधायक ने स्वच्छता दूत सम्मान प्रदान किया।
गोपाल
