Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंका था शव

प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंका था शव

आगरा (हि.स.)। आगरा के सदर के सोहल्ला में हुई शिवपुरी की सोनम की हत्या का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। दोनों आरोपितों नीरज और उसके दोस्त दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि नीरज शादीशुदा है। उसके प्रेम संबंध सोनम से चल रहे थे। वह उसके साथ रह रही थी। शादी की जिद कर रही थी। विवाद में उसने सोनम का गला घोंट दिया। इसके बाद दोस्त की मदद से शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पंवार ने बताया कि रविवार सुबह सोहल्ला में रेलवे लाइन पर एक युवती का शव मिला था। ट्रेन से उसकी गर्दन कट गई थी। लाइन के पास ही दो बोरे पड़े थे। मृतका की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो शेयर किया गया। कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि शव मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी सोनम (22) पुत्री अवतार सिंह का है। वह दुर्गेश पुरम, धनौली निवासी नीरज उर्फ मटरू के साथ रहती थी। पुलिस ने रात में नीरज को पकड़ लिया।

पुलिस की पूछताछ में नीरज ने बताया कि उसकी पत्नी इरादतनगर क्षेत्र की रहने वाली है। उसके प्रेम संबंध की भनक पत्नी को हो गई थी। इस पर घर में झगड़े शुरू हो गए। पत्नी दोनों बच्चों को साथ लेकर मायके में रहने लगी। इस पर ही वो सोनम को गांव में ले आया था।

सोशल मीडिया बनी मददगार

शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के चेहरे का फोटो खींचा था। इसके बाद उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। पहचान करके कॉल करने के लिए लोगों से कहा था। इस पर सोहल्ला के कुछ लोग पुलिस के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह युवती को जानते हैं। वह नीरज के साथ एक मकान में रहती थी। इससे ही पुलिस आरोपित तक पहुंच गई। इस मामले में जानकारी पर मृतका की मां रानी परिवार के लोगों के साथ आई। मां ने मुकदमा दर्ज कराया। परिवार इतना गरीब है कि शव को गांव तक नहीं ले जा सकते थे। इस कारण आगरा में ही अंतिम संस्कार का फैसला कर लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular