मेरठ (हि.स.)। तंत्र-मंत्र के जरिए अपनी शक्तियां बढ़ाने की चाह में अपने ही बच्चों को मारने वाली महिला का वीडियो वायरल हो रहा है। महिला संगीत कार्यक्रम में वह फिल्मी गानों पर ठुमके लगा रही है। अभी तक महिला की बेटी का शव बरामद नहीं हो पाया है।
देहली गेट थाना क्षेत्र की गूलर वाली गली खैर नगर में महिला निशा बेग ने अपने प्रेमी पूर्व पार्षद सऊद फैजी के साथ मिलकर अपने बेटे मेराब और बेटी कैनन की हत्या कर दी थी। पुलिस ने निशा, सऊद समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गंगनहर से अभी बेटे मेराब का शव बरामद हुआ है। बेटी कैनन का शव अभी तक नहीं मिल पाया है। सोमवार को भी पुलिस ने गंगनहर में कैनन के शव की तलाश में सर्च अभियान चलाया। उधर इंटरनेट मीडिया पर अपने बच्चों को मारने वाली निशा का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला संगीत कार्यक्रम में सज-धज कर निशा ठुमके लगा रही है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा हैै। इस वीडियो को देखकर लोग निशा को कोस रहे हैं।
अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि निशा के तीन बच्चों की पहले मौत हो चुकी है। उनमें दो बेटे और एक बेटी रही। बताया जाता है कि उन तीन बच्चों की भी निशा ने तांत्रिक शक्तियां हासिल करने में हत्या करा दी। निशा पिछले 12 साल से तंत्र-मंत्र करती आ रही है। पुलिस इन तीनों बच्चों की मौत की जांच भी कर रही है। तंत्र-मंत्र और अधिक पैसा कमाने का लालच देकर निशा ने सऊद, आरिफ, कौसर और मुसर्रत को भी दोनों बच्चों की हत्या में शामिल किया था।
कुलदीप
