– हत्यारोपित पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, तीसरे आरोपित की तलाश
झांसी (हि.स.)। अवैध संबंध के रास्ते का कांटा बने पति को ठिकाने लगाने के लिए पत्नी ने ही सात फेरों और वचनों को ताक पर रखते हुए अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई थी। योजनाबद्ध तरीके से पति को भूसा डालने के बहाने कैरोखर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। घटना में शामिल पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल कुल्हाड़ी बरामद कर ली। वही पुलिस फरार चल रहे तीसरे आरोपित की तलाश कर रही है।
गरौठा थाना क्षेत्र के ग्राम कैरोखर में 29 अप्रैल को एक व्यक्ति की कंकाल के रूप में लाश मिली थी। इस प्रकरण में 26 अप्रैल को कस्बा गरौठा निवासी अनीता यादव ने तहरीर देते हुए अपने पति भानसिंह के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी शिवहरि मीना के निर्देशन पर हत्याकांड का खुलासा करने में लगी पुलिस को करीब 18 दिन बाद सफलता मिली। पुलिस के मुताबिक सुभाष नगर निवासी भानसिंह का शव कैरोखर में रक्त रंजित अवस्था में मिला था। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने तमाम विवेचना और मोबाइल सीडीआर के आधार पर मृतक की पत्नी अनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो अनीता ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि हमीरपुर जिले के मझगवा निवासी रंजीत यादव का उसके घर आना जाना था और वह अपने पति भानसिंह से छिप कर उससे मिलती थी। रंजीत व अनीता के अवैध संबंधों की जानकारी भानसिंह को हो गई थी। जिस पर वह रंजीत के घर आने जाने का विरोध करता था। अवैध संबंधों के बीच रास्ते का कांटा बने भानसिंह की हत्या करने की योजना बनाई गई। इसी योजना के तहत अनीता के कहने पर रंजीत अपने साथी राम गोपाल उर्फ कल्लू के साथ मिलकर भानसिंह के घर आए और भान सिंह को भूसा डालने के लिए अपने साथ कैरोखार ले गए, जहां उन्होंने मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर भान सिंह की हत्या कर दी।
पुलिस ने रंजीत और अनीता को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का सफल अनावरण कर दिया। वही, पुलिस की पकड़ से फरार आरोपी रामगोपाल की पुलिस तलाश कर रही है।
महेश
