मेरठ (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहनपुरी में प्रेमिका से झगड़े के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मोहनपुरी निवासी पंकज शर्मा एक आूनलाइन कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। बताया जाता है कि उसका शास्त्रीनगर स्थित कुटी निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। इसके बाद युवती ने पंकज से बात करनी बंद कर दी। शनिवार की देर रात पंकज अपने कमरे में सो गया था। रविवार को जब वह बाहर नहीं आया तो उसके परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिजनों ने पंकज का कमरा खटखटाया तो अंदर से कमरा बंद था। खिड़की से देखा तो पंकज का शव छत से लटका हुआ था। सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइन रमेश चंद्र शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को छत से उतारा और परिजनों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि युवक ने आत्महत्या करने से पहले अपना मोबाइल ही फॉर्मेट कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।
कुलदीप
