झांसी (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने रविवार को भाजपा कार्यालय में कांग्रेस,सपा व बसपा को खूब आड़े हाथों लिया। प्रियंका वाड्रा को उन्होंने बंटाधार करने वाला संत बता डाला तो अखिलेश को होम सिकनेस का शिकार। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पिछले से भी बेहतर प्रदर्शन के साथ इस बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रियंका वाड्रा के आने से भाजपा को फायदा होगा। जैसे उन्होंने अमेठी पहुंचकर बहुत मेहनत करते हुए अपने भाई को हराया और भाजपा का सहयोग किया। इस बार वह रायबरेली में मेहनत करके अपनी माता जी को हराएंगी। और जीजाजी का कहना क्या कहना ? वह कांग्रेस की जमानत जब्त करा देंगे। कुल मिलाकर, जहां-जहां पांव पड़ें संतन के, तहां-तहां होवे बंटाधार।
उन्होंने अखिलेश यादव को होम सिकनेस का शिकार बताया। कहा कि वह जनता के बीच जाने से डरते हैं। जब वह सत्ता में थे तब दहशत में डूबती नैया पर सवारी करते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया। बाद में जब कांग्रेस ने अपना हाथ झटक लिया तो बुआ बबुआ गठबंधन करने जा पहुंचे। उनकी बातें हास्यास्पद होती हैं। आज कोई दल उनसे गठबंधन करने को आगे नहीं आ रहा है। आगामी चुनाव में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतकर फिर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि योगी सरकार ने विगत साढ़े चार सालों में भ्रष्टाचार व गुंडाराज मिटाया है। हम अपनी उपलब्धियों व कामों को लेकर जनता के बीच हैं, सरकार का रिपोर्ट कार्ड इस बात की गवाही दे रहा है कि प्रदेश में कितना काम हुआ है। 2017 में अखिलेश यादव में साहस नहीं था, कि अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करें।
उन्होंने कांग्रेस से हाथ मिलाया, फिर भी मात खायी। 2019 में उन्होंने धुरविरोधी बसपा से गठबंधन किया, लेकिन फिर निराशा मिली। अब कोई दल उनसे गठबंधन को तैयार नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कांग्रेस खत्म हो चुकी है। बसपा का भी बेहाल है। सपा समेत सभी विपक्षी दल इस चुनाव में 50 सीटों पर सिमट जाएंगे। उन्होंने कहा भाजपा डेढ़ करोड़ नये सदस्य बनाने जा रही है। चार करोड़ सदस्यों के बल पर हम उप्र चुनाव में उतरेंगे और प्रचंड बहुमत हासिल करेंगे, विपक्षी दल बौने रह जाएंगे।
इस मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी सहजेन्द्र सिंह बघेल, सौरभ मिश्रा, प्रियांशु डे, देवेंद्र दुबे,चेतन ओझा आदि मौजूद रहे।
