Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रियंका गांधी को भाजपा विधायक अलका राय ने लिखा पत्र, सोशल मीडिया...

प्रियंका गांधी को भाजपा विधायक अलका राय ने लिखा पत्र, सोशल मीडिया में हो रहा वायरल

-माफिया विधायक मुख्तार अंसारी को बचाने का आरोप, सियासी गहमागहमी बढ़ी

वाराणसी(हि.स.)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद की भाजपा विधायक अलका राय ने पत्र लिखा है। पत्र में भाजपा विधायक ने पंजाब की कांग्रेस सरकार पर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को बचाने का गम्भीर आरोप लगाया है। इस मामले में क्षेत्र के विधायक रहे स्व.कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से उनकी चुप्पी पर सवाल भी दागा है। 
बुधवार को सोशल मीडिया में पत्र पूरे दिन वायरल होता रहा। पड़ोसी जनपद जौनपुर के मल्हनी विधानसभा सहित प्रदेश में उपचुनाव को देख वायरल पत्र के सियासी मायने भी है। हालांकि प्रदेश में बदले सियासी समीकरण और विषम हालात होने के कारण मुख्तार समर्थक फिलहाल मौन हालात पर नजर जमाये हुए हैं। भाजपा के नेता भी अधिक मुखर नहीं हैं। कांग्रेस के स्थानीय क्षत्रप भी प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं। पत्र से पूर्वांचल में सियासी गहमागहमी भी बढ़ गई है। पत्र की सत्यता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ मीडिया रिर्पोर्ट में लिखा गया है कि पत्र विधायक ने ही लिखा है। 
विधायक अलका राय ने वायरल पत्र में प्रियंका गांधी को लिखा है कि वे अपने पति की नृशंस हत्या के विरुद्ध पिछले 14 वर्षों से लगातार संघर्ष कर रही हैं। उस जुल्मी के खिलाफ जिसे आज आपके पार्टी और पंजाब राज्य में आप की सरकार खुला संरक्षण दे रही है। प्रदेश की तमाम अदालतों से मुख्तार अंसारी को तलब किया जा रहा है। लेकिन, पंजाब सरकार उसे प्रदेश में भेजने को तैयार नहीं है। हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर मुझे और मुझ जैसे सैकड़ों लोगों को हिसाब से वंचित किया जा रहा है। मेरी खुद की कहानी इस बात का प्रमाण है कि कैसे कानून का मजाक उड़ाकर मुख्तार वर्षों से सुरक्षित बचा हुआ है। यह बेहद खेदजनक है कि आप और आपकी पार्टी अपराधियों के साथ खुलकर खड़ी है। उन्होंने लिखा है कि मीडिया के माध्यम से मुझे पता चला कि उत्तर प्रदेश की गाड़ियां मुख्तार अंसारी को लेने गईं। सरकार ने उसे बचाने के लिए तीन महीने का बेड रेस्ट दे दिया। 
बताते चलें कि बीते 21 अक्टूबर को प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट में गाजीपुर के मामले में विधायक मुख्तार की पेशी थी। जिसके लिए मुख्तार को लेने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस पंजाब गई थी। पंजाब सरकार ने मुख्तार के लिए अलग से मेडिकल बोर्ड बनवाकर बीमारी का हवाला दिया और तीन महीने तक बेड रेस्ट की बात कह बाहुबली विधायक को यूपी भेजने से इनकार कर दिया था। इसके बाद गाजीपुर से गए एक निरीक्षक, एक दरोगा समेत 14 सिपाही वापस लौट आए थे। अब एक फिर से मुख्तार अंसारी को लाने के लिए न्यायालय में प्रयास चल रहा है।  

RELATED ARTICLES

Most Popular