कानपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) में अब तक साल्वर समेत 21 नकलचियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। परीक्षा के दूसरे दिन भी यूपी एसटीएफ की टीमें सक्रिय हैं।
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के 1899 से अधिक केन्द्रों पर पीईटी 2022 परीक्षा का रविवार को दूसरा दिन है। इस परीक्षा में लगभग 37 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने और सॉल्वरों को पकड़ने के लिए एसटीएफ और खुफियां एजेंसी सक्रिय हैं। शनिवार को परीक्षा के पहले दिन एसटीएफ एवं पुलिस ने दस जिलों से सक्रिय साल्वर गैंग के मनसूबे पर पानी फेरते हुए अब तक 21 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 06 अभ्यर्थी भी शामिल हैं। बिहार के साल्वर गिरोह के कई सक्रिय सदस्य भी दबोचे गए हैं। इस मामले में रविवार को भी गिरफ्तारी हो सकती है। एसटीएफ एवं पुलिस ने उन्नाव, कानपुर, अमेठी, बिजनौर, वाराणसी, शामली, सीतापुर, जौनपुर, बलिया एवं मेरठ से आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
राम बहादुर
