मथुरा(हि.स.)। वृंदावन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर के निजी सुरक्षाकर्मियों द्वारा दो महिलाओं से मारपीट करने का वीडियो शुक्रवार वायरल होने के बाद पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसी ने इसे आपसी रुपयों के लेनदेन का मामला बताया है।
शुक्रवार बांके बिहारी मंदिर के झगड़े के वायरल हो रहे वीडियो में गेट संख्या एक के पास कुछ लोग खड़े हैं एक महिला जमीन पर लेटी हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में आवाज आ रही है कि सुरक्षा कर्मियों को देखो गुंडई किस तरह से श्रद्धालुओं के साथ कर रहे हैं बर्ताव। वहीं इस वीडियो में कुछ निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्ड भी खड़े दिखाई दे रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो में जमीन पर लेटी हुई महिला के साथ कुछ और महिलाएं भी हैं जो कि महिला सुरक्षा कर्मियों पर आरोप लगा रही हैं। वहीं जमीन पर लेटी हुई महिला तेज आवाज में दर्द से चीखती हुई दिखाई दे रही है।
मौके पर भीड़ है लोग वीडियो भी बना रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो के बारे में सुरक्षा एजेंसी के प्रभारी नीरज से जब जानकारी की तो उन्होंने बताया कि यह जो महिला लेटी हुई है, पहले सुरक्षा गार्ड थी। इसका रूपयों का कुछ लेनदेन था।इसी को लेकर यह चार-पांच महिलाओं को लेकर आई और झगड़ा किया। मामला बांके बिहारी पुलिस चौकी पहुंचा जहां से कोतवाली ले जाया गया। पुलिस ने इस मामले में एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष से विवाद के पीछे वजह की जानकारी करने का प्रयास किया तो उनका पक्ष नहीं मिल सका।
महेश/सियाराम
