लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता और डिजीटल मीडिया इंचार्ज अंशु अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका की योजना से शुरु हुए 100 दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘प्रशिक्षण से पराक्रम’ ने एक तिहाई समय पूरा कर लिया है। प्रशिक्षण, भावनात्मक पहलू संग कांग्रेस महासचिव ‘अभय’ कांग्रेस बना रही हैं।
अंशु अवस्थी ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने उत्तर प्रदेश में प्रशिक्षण से पराक्रम कार्यक्रम शुरु किया तो इसके अंतर्गत प्रशिक्षित होने वाले कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तक एक बैग भी पहुंचाने का कार्य किया है। इस बैग में पार्टी का झंडा, कांग्रेस की नीतियों वाली बुकलेट, घरों में बाहर चिपकाने वाले स्टीकर रखे गये हैं।
उन्होंने कहा कि ये प्रशिक्षण कार्यक्रम बूथ स्तर से जिले स्तर तक और न्याय पंचायत, ब्लाॅक, जिला पंचायत स्तर के पदाधिकारियों तक सीधे तौर पर चल रहा है। इसमें त्याग, करुणा, समरस भावना की सीख दी जा रही हैं। बताया कि दिसम्बर तक बूथ स्तर पर मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी करनी है, जो विचारधारा से ओतप्रोत हो।
आगे कहा कि कार्यक्रम का पूरा श्रेय कांग्रेस महासचिव की सोच को है। ये सोच उत्तर प्रदेश में बदलाव लायेगी। हम विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हों और गैर विचारधारा से लड़ सकें, इसके लिए प्रशिक्षण महत्वपूर्ण साबित होगा।
