होली पर किसी नई परम्परा की शुरुआत की नहीं होगी अनुमति-जिलाधिकारी
साफ-सफाई, बिजली, पानी का पूरा प्रबंध करेगा जिला प्रशासन-डा. उज्ज्वल कुमार
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिला प्रशासन ने इस बार लोगों के लिए होली की खुशियां चौगुनी कर दी हैं। लोगों को इस बार उनकी इच्छा तक रंग खेलने की छूट रहेगी। समय की कोई पाबंदी नहीं रखी गई है। केवल शर्त यह है कि वे रंग खेलने के जोश में होश न खोएं। यह निर्णय जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में सोमवार को आयोजित केन्द्रीय शांति समिति की बैठक में लिया गया।
जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने कहा कि होली के त्यौहार का भरपूर आनंद लें किन्तु कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 17 से 19 मार्च के बीच होली और शबेरात का त्यौहार है। इन पर्वों पर किसी भी नई परम्परा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। परम्परागत स्थानों पर ही होलिका दहन होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की सख्त निगरानी हो रही है। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि 18 मार्च को जुमा और होली का पर्व एक साथ होने पर सभी धर्मगुरूओं से अपेक्षा की जाती है कि सभी धर्म व समुदाय के लोग आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखें। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में कहीं भी कच्ची शराब बनने एवं बिकने न पाये अन्यथा सम्बन्धित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने एसडीएम व खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया कि दुकानों पर खाद्य सामग्री, मिष्ठान आदि की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी डेट आदि का निरीक्षण कर लें। नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में साफ-सफाई व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। बिजली विभाग के प्रतिनिधि एसडीओ टाउन को निर्देशित किया कि जनपद में विद्युत की सप्लाई निर्वाध रूप से मिलनी चाहिये। इसके लिए जरूरी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया है कि होली के त्यौहार को मद्देनजर रखते हुए जनपद में सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर इमरजेन्सी व्यवस्था के साथ-साथ एम्बुलेन्स टीम भी सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि होली के त्यौहार को हम मिलजुल कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें। इसमें सर्वसमाज की सहभागिता होनी जरूरी है। सभी स्वस्थ्य मन एवं भाईचारे के साथ त्यौहार का आनन्द उठायें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर आपस में न उलझें। उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि मौके पर पहुंचकर समस्या का निदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी समाज का त्यौहार हम सब के लिये एक है, चाहे वह जिस धर्म का हो।
यह भी पढें : जब CRO ने SDO Town की ले ली तगड़ी क्लास

होली के दिन रंग खेलने के लिए नहीं होगा समय का बंधन-एसपी
बैठक में छपिया थाना क्षेत्र के मसकनवा निवासी एक व्यक्ति ने सवाल उठाया कि 18 मार्च को जुमे की नमाज होने के कारण प्रशासन रंग खेलने का समय निश्चित कर दे, जिससे नमाजियों को कोई असुविधा न हो। इस पर एसपी संतोष कुमार मिश्र ने स्पष्ट किया कि जब पुलिस स्वयं होली के अगले दिन रंग खेलती है, तो हम होली के दिन ही किसी को रंग खेलने के लिए समय के बंधन में नहीं बांध सकते। जिसकी जब तक इच्छा हो, रंग खेले। उन्होंने कहा कि रंग आपका, पानी आपका तो इससे हमें कोई आपत्ति नहीं है। किन्तु उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसका आशय यह कत्तई नहीं है, कि नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। एसपी ने बैठक में मौजूद छपिया के थानाध्यक्ष चितवन कुमार समेत सभी प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि मसकनवा कस्बे में स्थित दोनों मस्जिदों के साथ ही सभी मस्जिदों के पास फोर्स तैनात कर दें। साथ ही मौके पर व्यवस्था में सहयोग के लिए दोनों समुदाय के पांच-पांच सम्भ्रांत युवकों की एक टीम बना दें, जिससे किसी को भी असुविधा न हो। अच्छा काम करने वाली शांति समितियों को उनकी तरफ से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। एसपी ने होली के दिन मोटर साइकिलों पर दो-तीन युवकों के बैठकर तेज गति से बाइक चलाते हुए हुल्लड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे युवकों को दूसरों के जिंदगी से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
यह भी पढें : जानें, होली की बैठक में SP ने थाना प्रभारियों से क्या कहा?

नगर में पूरी रात गश्त करेगी महिला बटालियन
बैठक में कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में होली के दूसरे दिन भी रंग खेलने की परम्परा की जानकारी मिलने पर एसपी ने प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह को निर्देशित किया कि गांव में फोर्स लगा दी जाय। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत नूरामल मंदिर पर रात में एक बजे होलिका दहन की सूचना पर एसपी ने महिला थाने की प्रभारी निरीक्षक मंजू पाण्डेय को निर्देशित किया कि वे महिलाओं की सुरक्षा के लिए रात में मंदिर के आसपास अपनी टीम के साथ मुश्तैद रहेंगी। साथ ही नगर कोतवाल भी चौकी प्रभारियों के साथ पूरी रात भ्रमण पर रहेंगे। एसपी ने जनपद वासियों से अपील किया कि त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से आपसी भाईचारे व सामंजस्य के साथ मनाएं। यदि किसी ने गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश किया तो उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों की न केवल होली, बल्कि आने वाले कई त्यौहार जेल में बीतेंगे। एसपी ने साफ किया कि होली के बहाने कोई भी चुनावी रंजिश निकालने की कोशिश मत करे। ऐसा करना उसे भारी पड़ सकता है। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव व अपर पुलिस अधीक्षक शिव राज ने प्रशासन की तरफ से त्यौहारों पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, एसडीएम सदर विनोद कुमार सिंह, कर्नलगंज हीरा लाल, तरबगंज कुलदीप सिंह, सीओ सदर लक्ष्मी कांत गौतम, कर्नलगंज मुन्ना उपाध्याय, तरबगंज संसार चन्द राठी समेत समस्त थाना प्रभारी, नगर पालिका गोण्डा के अध्यक्ष प्रतिनिधि कमरुद्दीन एडवोकेट, कर्नलगंज के शमीम अच्छन, केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति के अरुण कुमार शुक्ल व राकेश वर्मा समेत दोनों समुदायों के धर्म गुरु व जनपद के सभी थाना क्षेत्रों से आए सम्भ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढें : युवक की मौत के मामले में दरोगा समेत 25 पर FIR

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
