बागपत(हि.स.)। त जिले में प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर 43 मकान ध्वस्त कर दिये। 77 मकानों को हटाने का नोटिस दिया गया है। भारी संख्या में कई थानों की पुलिस और पीएसी बल मौके पर तैनात रहा। कई परिवारों के सर पर छत तक नहीं बची, प्रशासन का ध्वस्तीकरण जारी है।
छपरौली क्षेत्र के सिनौली गांव में तालाब की भूमि पर प्रशासन को अतिक्रमण की शिकायत मिल रही थी। बुधवार को प्रशासन ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए अवैध कब्जे हटाने को बुलडोजर चला दिया, जिसमें गांव के 40 से अधिक मकानों को ध्वस्त कर दिया गया है। सिनौली गांव की पुनिया पट्टी के तालाब पर अतिक्रमण को लेकर राजस्व विभाग की टीम ने दो दिनों तक निशानदेही की थी। तालाब का रकबा खसरा नंबर 678 सरकारी अभिलेखों में 3.022 हेक्टेयर है, जबकि मौके पर यह अभिलेखों में दर्ज रकबे से काफी कम है। इस पर तकरीबन 43 व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा मिला।
प्रशासन की टीम तालाब पर हो रहे अवैध कब्जे को हटवाने के लिए लगी हुई है, जिसमें राजस्व विभाग की टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल पीएसी मौजूद है। राजस्व विभाग की टीम ने ग्रामीणों को नोटिस भी दिए थे लेकिन ग्रामीणों ने अपने मकान नहीं हटाए जिस पर बड़ौत तहसील से राजस्व विभाग की टीम ने गांव में पहुंच कर तालाब की भूमि पर बने अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया है।अधिकारी अभी कार्रवाई में लगे हुए हैं।
एसडीएम बड़ौत सुभाष सिंह का कहना है कि अतिक्रमण की शिकायत पर कई बार नोटिस दिए गए हैं। गांव में 77 मकानों को चिन्हित किया गया था जो सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए हैं।
सचिन त्यागी
