बंगाल में टीएमसी बड़ी जीत की ओर अग्रसर है और भाजपा 100 के अंक छूने से काफी पीछे है, बावजूद इसके पश्चिम बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर ने चुनावी कामकाज को छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
प्रशांत किशोर ने कहा, ‘मैं जो कर रहा हूं उसे अब जारी नहीं रखना चाहता। मैंने काफी कुछ कर लिया है। अब मेरे लिए एक ब्रेक लेने का समय है और जीवन में कुछ और करना चाहता हूं। मैं यह स्पेस छोड़ना चाहता हूं।’ उनके ‘यह स्पेस छोड़ना चाहता हूं’ कहने का मतलब है कि वह अब चुनावी रणनीति बनाने का काम नहीं करना चाहते हैं।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कई बार सार्वजनिक रूप से इस बात का ऐलान कर चुके हैं कि अगर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सीटें 100 के पार हुईं तो वह अपना काम छोड़ देंगे।उन्होंने कहा था कि यदि बीजेपी की 100 से सीटें आती हैं तो उनके काम का कोई मतलब नहीं रह जाता है। हालांकि, बंगाल चुनाव में भाजपा उस नंबर से काफी पीछे है, तब भी वह अब इस काम को नहीं करेंगे।
