-21 सितम्बर को होगी सुनवाई
प्रयागराज(हि.स.)। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने प्रयागराज स्थित महाधिवक्ता कार्यालय समेत मेडिकल कॉलेज प्रयागराज एवं अन्य सरकारी और गैर सरकारी भवनों में बढ़ रही आग लगने की घटनाओं पर आज स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका कायम की। चीफ जस्टिस राजेश बिंदल और जस्टिस जेजे मुनीर की खंडपीठ ने समाचार पत्रों में प्रकाशित आग लगने की बढ़ रही घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज करने का निर्देश दिया।
चीफ जस्टिस की बेंच ने मुख्य स्थाई अधिवक्ता केआर सिंह तथा वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सक्सेना एवं आशीष सिंह को इस याचिका पर अगली सुनवाई की तिथि पर सहयोग करने का अनुरोध किया है। कोर्ट का कहना था की आग लगने की बढ़ रही घटना चिंताजनक है। ऐसा क्यों हो रहा है इसकी तह में जाना जरूरी है तभी आगे इसका निदान संभव हो सकेगा। कोर्ट ने याचिका पर 21 सितम्बर को सुनवाई करने का निर्देश दिया है तथा अधिवक्ताओं से इस मामले पर अपना पक्ष रखते हुए अदालत का सहयोग करने को कहा है।
कोर्ट का कहना था अभी हाल ही में महाधिवक्ता कार्यालय में भयंकर आग लगी जिससे सरकारी रिकॉर्ड जल गए। इसमें काफी नुकसान हुआ। मेडिकल कॉलेज प्रयागराज के ऑपरेशन थिएटर में भी अभी हाल ही में आग लग गई, जिसमें नुकसान हुआ। कोर्ट का कहना था कि कहीं न कहीं व्यवस्था में चूक है जिसका निदान जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
आर.एन
