प्रयागराज (हि.स.)। केन्द्रीय कारागार नैनी से सम्बद्ध सजायाफ्ता कैदी समेत दो की उपचार के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। सजायाफ्ता कैदी को बांदा जनपद के न्यायालय ने सजा सुनाया था।
मध्य प्रदेश के पन्ना जनपद के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के भानपुर गांव निवासी रामखेलावन (34) पुत्र भगवानदास को हत्या मामले में बांदा जनपद न्यायालय ने सजा सुनाया था। जिसके बाद उसे केन्द्रीय कारागार नैनी से सम्बद्ध कर दिया गया। जहां उसकी 9 मार्च को अचानक तबियत खराब हुई तो उसे बन्दी रक्षकों ने उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मंगलवार भोर में मौत हो गई। सूचना पर नैनी कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा करके विधिक कार्रवाई की।
दूसरी खबर के मुताबिक प्रयागराज जिले के थरवई पुलिस ने दुष्कर्म मामले के आरोपित आशीष मौर्य (20) पुत्र अभयराज निवासी चिरौरी गांव थाना फूलपुर को एक अगस्त 2020 को न्यायालय के आदेश पर गिरफ्तार करके केन्द्रीय कारागार नैनी भेजा था। जहां उसकी तबियत खराब होने पर उपचार के लिए 8 फरवरी को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसकी मंगलवार सुबह मौत हो गई। सूचना पर पहुंची नैनी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
राम बहादुर
