प्रयागराज । उत्तरप्रदेश के प्रयागराज रेंज के चार जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत के मतदान और मतगणना के दौरान जमकर बवाल हुआ। प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और फतेहपुर में चुनावी हिंसा हुई। सबसे ज्यादा बवाल प्रतापगढ़ जिले में हुआ। हिंसा के बाद पुलिस ने जिले से 62 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे नम्बर पर फतेहपुर जिला रहा, जहां पर मतदान के दिन पांच स्थानों पर चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट और वबाल की घटना हुई। जिसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दस लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं प्रयागराज में मतदान के दिन तीन मामले ही प्रकाश में आये, लेकिन बवाल में शामिल 22 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। हांलाकि कौशाम्बी जिले में मतदान के दिन कोई बवाल नहीं हुआ। इस तरह से मतदान के दिन रेंज के चार जिलों में हिंसा के कुल 17 मुकदमे दर्ज किए गए। जिनमें 94 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इसी तरह, मतगणना के दिन दो मई को भी प्रयागराज रेंज में चुनावी हिंसा के कई मामले सामने आये। हांलाकि कौशाम्बी जिला मतगणना के दिन भी लगभग शान्त ही रहा और यहां पर कोई बवाल नहीं हुआ। वहीं मतगणना के दिन सबसे ज्यादा बवाल प्रयागराज जिले में हुआ। प्रयागराज जिले में चुनावी हिंसा के कुल 14 मुकदमे दर्ज किए गए और पुलिस ने 19 दंगाइयों और बलवाइयों को गिरफ्तार भी किया। वहीं, प्रतापगढ़ में मतगणना के दिन दो मुकदमे दर्ज किए गए और चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जबकि फतेहपुर जिले में दो मुकदमे दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह से मतगणना के दिन प्रयागराज रेंज में चक्का जाम, बवाल और पुलिस के साथ उलझने पर कुल दर्ज कुल 18 मुकदमों में 26 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
आईजी प्रयागराज रेंज केपी सिंह का कहना है कि पंचायत चुनाव के पहले पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी संख्या में निरोधात्मक कार्रवाई की थी और 107/ 116 की भी कार्रवाई की थी। लाइसेंसी असलहे भी जमा कराये गए थे, ताकि चुनावी रंजिश में इसका प्रयोग न हो। जिसके चलते मतदान और मतगणना छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव 15 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच अलग-अलग चार चरणों में कराये गए। जिसमें भी बवाल और हिंसा पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। जिसकी वजह से मतगणना के दौरान कहीं पर कोई ज्यादा बवाल नहीं हुआ।
प्रयागराज रेंज के चार जिलों में चुनावी हिंसा, 94 गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
