Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज में रोजगार मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों युवा, रिक्त...

प्रयागराज में रोजगार मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों युवा, रिक्त 24 लाख पदों को भरने की मांग

सभी रिक्त पदों पर विज्ञापन निकलने तक धरना प्रदर्शन रहेगा जारी 

प्रयागराज (हि.स.)। रोजगार को मौलिक अधिकार बनाने, उत्तर प्रदेश समेत देश भर में रिक्त 24 लाख पदों को भरने की मांग को लेकर बुधवार को हजारों छात्र युवा मंच के बैनर तले सड़कों पर उतर आये। सभी रिक्त पदों पर तत्काल विज्ञापन जारी करने और छह महीने के अंदर भरने के लिए मुख्यमंत्री के लिखित आश्वासन तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।  बालसन पर प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने के बाद प्रशासन ने सिविल लाइंस में पत्थर गिरजाघर में धरना प्रदर्शन की इजाजत दी। इस दौरान युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि 17 सितम्बर, 2020 को रोजगार मुद्दे पर हुए आंदोलन के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के सभी रिक्त पदों को भरने की घोषणा की थी। लेकिन इस घोषणा पर अमल नहीं किया गया। प्रदेश में सिर्फ और सिर्फ रोजगार के नाम पर सरकार अपनी उपलब्धियों का ढिढोंरा पीट रही है।
वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से देश में आजीविका का गंभीर संकट पैदा हुआ है। छात्रों के जारी प्रदर्शन में किसानों के आंदोलन का भी समर्थन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व युवा मंच के राजेश सचान, अनिल सिंह, अमरेंद्र सिंह, इंजी. राम बहादुर पटेल ने किया।
इस अवसर पर प्रतियोगी छात्रों के नेता सुनील यादव, अमित यादव, मनोज पटेल, सीएमपी डिग्री कालेजों के पूर्व अध्यक्ष करन सिंह परिहार, एसएससी आंदोलन के नेता सुनील यादव समेत हजारों छात्र मौजूद रहे। 

RELATED ARTICLES

Most Popular