Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज में बाढ़ का कहर जारी, जीव-जन्तुओं का खतरा

प्रयागराज में बाढ़ का कहर जारी, जीव-जन्तुओं का खतरा

-17 शिविरों में पीड़ित लिए शरण, बचाव में 126 नाव तैयार

प्रयागराज(हि.स.)। प्रयागराज शहर की एक बड़ी आबादी इन दिनों बाढ़ से जूझ रही है। गंगा-यमुना का जलस्तर जहां लगातार बढ़ने से लोग दहशतजदा हैं, वहीं बाढ़ के साथ जीव-जन्तुओं के आने से लोग परेशान हैं। कहीं मरे हुए जानवरों के कारण दुर्गन्ध है तो कुछ लोग अफवाहें फैलाकर लोगों में भय पैदा कर रहे हैं। काफी लोग राहत शिविर में शरण लिए हुए हैं तो वहीं कुछ लोग दूसरी मंजिल पर रह रहे हैं।

रविवार की दोपहर चार बजे फाफामऊ में जलस्तर खतरे के निशान (84.734 मी) के ऊपर 85.79 मी. पर पहुंच गया। वहीं छतनाग का 85.05 मी. एवं नैनी का 85.80 मी. पर जलस्तर है। जिससे हजारों घरों में पानी भरने से लोगों का पलायन जारी है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उप्र के बाढ़ कार्य खण्ड के अनुसार शनिवार की सुबह 06 बजे से रविवार की सुबह छह बजे तक फाफामऊ का 46 सेमी, छतनाग का 35 सेमी. एवं नैनी का 39 सेमी. की रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि हुई है। जो अभी जारी है।

शहर में जहां शनिवार को मगरमच्छ की अफवाह रही और वीडियो वायरल होता रहा। बाद में पता चला कि अफवाह है, वीडियो कहीं और की थी जिसे प्रयागराज का बताया जा रहा था, लेकिन शिवकुटी में विषखोपड़ा मिलने की घटना सही निकली। जिससे लोगों में हड़कम्प मचा रहा और मदारी ने आकर पकड़ा।

–विद्युत आपूर्ति प्रभावित

शनिवार की रात गऊघाट उपकेन्द्र के यमुना बैंक पावर हाउस के आसपास तेजी से फैलते पानी को देखकर सुरक्षा के लिहाज से 33 हजार केवी की आपूर्ति बंद कर ताला लगा दिया गया। इधर, बक्शी बांध उपकेन्द्र से जुड़े बक्शी कलॉ के नागवासुकी मंदिर निकट स्थित एक ट्रांसफार्मर पानी में डूब गया। बजरंग ढाल के पास दो ट्रांसफार्मर पानी में डूबने वाले हैं। वहीं सलोरी और बघाड़ा में छह ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति बंद कर दी गयी है। इसी प्रकार अन्य कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति रोक दी गयी है। जिससे विद्युत संकट भी गहराता जा रहा है। बाढ़ के बढ़ते प्रकोप से नैनी साइड के पुराने व नये पुल के बीच बांध रोड पर बनी पुलिया की सड़क धंस गई। सड़क का आधा हिस्सा बाढ़ में समा गया। पहुंचे अधिकारियों ने जेसीबी के माध्यम से बोल्डर गिरवा कर बैरिकेटिंग कर दी। जिससे कोई हादसा ना हो, जबकि महेवा गांव में दर्जनों मकान में बाढ़ का पानी घुस गया।

-बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 17 शिविर एवं 126 नाव

ऋषिकुल उच्चतर मा.विद्यालय राजापुर, एनी बेसेंट एलनगंज, कैंट मैरेज हॉल सदर बाजार, स्वामी विवेकानंद इंका अशोक नगर, वाईएमसीए स्कूल नायडू मार्ग, महबूब अली इंका स्टैनली रोड, सेंट जोसेफ गर्ल्स हाईस्कूल, उ.प्रा. विद्यालय बालूमंडी करेलाबाग, आईपीएम इंटरनेशनल स्कूल, ईश्वर शरण सलोरी, सहारा पब्लिक स्कूल करामत की चौकी, जमुना क्रिश्चियन कॉलेज, डीएवी इंटर कालेज मीरापुर, रीगल गेस्ट हाउस राजापुर, कैंट हाईस्कूल सदर बाजार, माथुर वैश्य धर्मशाला मम्फोर्डगंज, युनिटी पब्लिक स्कूल करेली में बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाया गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए कुल 126 नाव लगाई गयी है। जिसमें सदर तहसील में 66, फूलपुर में 28, मेजा में 06, बारा में 03, करछना में 19, हंडिया में 02 तथा सोरांव में 02 नाव हैं।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular