Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज : मिलावटी शराब पीने से अब तक छह लोगों की मौत

प्रयागराज : मिलावटी शराब पीने से अब तक छह लोगों की मौत

प्रयागराज(हि.स.) अपडेट। फूलपुर के अमिलिहा गांव के सरकारी देशी शराब ठेके से शराब पीने वालों की अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। 12 से अधिक लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुकान संचालक समेत सात लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है। युवकों की मौत कैसे हुई यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा। फिलहाल इस मामले में ठेका संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

फूलपुर के अमिलिहा तिराहे पर सरकारी देशी शराब का ठेका क्षेत्र में ही रहने वाले श्यामबाबू जायसवाल की पत्नी संगीता जायसवाल के नाम पर है। शुक्रवार की देर शाम को कुछ मजदूरों ने ठेके से शराब खरीद कर पी और अपने अपने घर चले गए।

शराब पीने से अमिलिया गांव निवासी 70 वर्षीय बसन्त लाल की अचानक त​बियत खराब हुई और अस्पताल में मौत हो गई। परिवार के लोगों को आशंका नहीं हुई और उसका अन्तिम संस्कार कर दिया। लेकिन 20 की शाम होते-होते चार और लोगों की और मौत हो गई।
मृतकों शम्भूनाथ मौर्य (52 वर्ष), राजेश कुमार गौड़ (38 वर्ष), प्यारेलाल (55 वर्ष), राजबहादुर (45 वर्ष) की मौत हो गई। इसके साथ ही 12 से अधिक लोगों की हालत खराब है, जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी क्रम में अगरा पट्टी गांव के रहने वाले महेन्द्र मुसहर 34 वर्ष पुत्र मुन्सी की शराब पीने के बाद शनिवार भोर में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने उसके शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वश्रेष्ठ तित्राठी एवं जिलाधिकारी भानूचन्द्र गोस्वामी समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल ठेके को बन्द कर दिया और फरार ठेकेदार एवं सेल्समैन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रात में ठेकेदार संगीता जायसवाल, उसके पति श्यामबाबू जायसवाल समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

संचालक समेत सात लोग हिरासत 

अपर पुलिस अधीक्षक गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि दुकान संचालक समेत अबतक सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है। जिलाधिकारी भानूचन्द्र गोस्वामी कहना है कि पोस्टमार्टम होने के बाद ही पता चल पाएगा की उनकी मौत कैसे हुई है। हालांकि परिवार वालों का कहना है कि शराब पीने के बाद उनकी मौत हुई है। जांच जारी है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular