प्रयागराज (हि.स.)। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर बारह घंटे के दौरान हुई मार्ग दुर्घटनाओं में किसान समेत तीन लोगों की जान चली गई। सूचना पर सक्रिय पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पहली घटना मऊआइमा थाना क्षेत्र की है।
मऊआइमा के बांका जलालपुर गांव के समीप हाइवे पर मंगलवार दोपहर बाद दो ट्रकों की हुई भिड़न्त में शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के कपारी गांव निवासी राजू 40 वर्ष पुत्र राम आसरे ट्रक चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को खबर दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा करके विधिक कार्रवाई की।
दूसरी घटना माण्डा थाना क्षेत्र के बेला गांव के समीप मंगलवार सुबह किसी वाहन की टक्कर से किसान दीनानाथ 38वर्ष पुत्र अष्टभुज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके परिजनों को खबर दी। हादसे में मृत किसान दीनानाथ माण्डा के बादपुर गांव का निवासी था। वह खेती करके दो बेटे और तीन बेटियों एवं पत्नी सावित्री का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह साइकिल से कही जाने के लिए घर से निकला और रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
तीसरे घटना हण्डिया थाना क्षेत्र के बरौत बाजार के समीप मंगलवार भोर में किसी चार पहिया वाहन की टक्कर से सब्जी कारोबारी जोगेन्द्र 35 वर्ष पुत्र बेचन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सब्जी कारोबारी मीरजापुर जनपद के चील्ह थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भुइया गांव का निवासी था। वह मंगलवार भोर में घर से सब्जे लेने के लिए बरौत सब्जी मण्डी गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की।
