-अपर मण्डल रेल प्रबंधक ने स्वच्छता पखवाड़ा की गिनाई उपलब्धियां
प्रयागराज(हि.स.)। मण्डल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने स्वच्छता पखवाड़ा को लेकर पत्रकारों से कहा कि इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर इस अभियान में अपना योगदान देना होगा। उन्होंने बताया कि इस स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान मंडल के स्टेशनों, कार्यालयों, अस्पतालों, डिपो, आदि में गहन सफाई अभियान चलाया गया। 1 अक्टूबर को वृहद स्वच्छता अभियान के अंतर्गत प्रातः 10 बजे से 1 घंटे का श्रमदान किया जाएगा। इसके लिए मण्डल में 300 स्थानों को चिन्हित किया गया है।
संकल्प सभाकक्ष में शनिवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए श्री बडोनी ने बताया कि प्रयागराज परिक्षेत्र के 81, मिर्जापुर के 31, कौशाम्बी के 15, कानपुर नगर के 15, कानपुर के 44, फिरोजाबाद के 18, फतेहपुर के 26, इटावा के 11, चित्रकूट धाम के 14, अलीगढ़ के 18 लोकेशन सहित कुल 300 लोकेशंस को चिह्नित किया गया है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य संजय सिंह ने बताया कि 16 सितम्बर से स्वच्छता पखवाड़ा चल रहा है। जिसके अंतर्गत 16 सितम्बर को स्वच्छता शपथ एवं स्वच्छ जागरूकता दिवस, 17 सितम्बर को स्वच्छ संवाद दिवस, 18-19 को स्वच्छ स्टेशन दिवस, 20-21 को स्वच्छ रेलगाड़ी दिवस, 22 को स्वच्छ पटरी दिवस, 23 को स्वच्छ परिसर दिवस, 24-25 को स्वच्छ आहार दिवस, 26 को स्वच्छ नीर दिवस, 27 को स्वच्छ जलाशय एवं पार्क दिवस, 28 को स्वच्छ प्रसाधन एवं पर्यावरण दिवस, 29 को स्वच्छ स्पर्धा दिवस तथा आज एकल उपयोग प्लास्टिक रहित दिवस मनाया गया। साथ ही पूरे पखवाड़े के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
उन्होंने बताया कि 01 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान 10 बजे से एक घंटे का श्रमदान किया जाएगा। 02 अक्टूबर को महात्मा गाँधी जयंती का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं गृह रख रखाव प्रबंधक आलोक केसरवानी एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यूसी कुशवाहा, पीआरओ अमित कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
विद्या कान्त/सियाराम
