Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज प्रान्त की प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा सफल रही: अजय राय

प्रयागराज प्रान्त की प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा सफल रही: अजय राय

– कांग्रेस को जनता का अपार स्नेह व समर्थन मिला

वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष प्रयागराज प्रांत पूर्व मंत्री अजय राय ने दावा किया है कि सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में निकली प्रयागराज प्रान्त की प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा सफल रही है। इस यात्रा को प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, चन्दौली, गाजीपुर और बनारस में जनता का अपार स्नेह व समर्थन मिला है।

लहुराबीर महामंडल नगर स्थित कार्यालय पर शनिवार को अजय राय मीडिया कर्मियों से मुखातिब हुए। उन्होंने यात्रा से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि पूरे यात्रा में बच्चे, बूढ़े, नौजवान, छात्र, महिलाएं तथा बहन-बेटियां सभी इसकी साक्षी बनी। भाजपा ने जनता के बीच जो नफरत का बीज बोया है, अशांति का माहौल बनाया है, उससे आज पूरे देश में भय का वातावरण व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच ने आज पूरे भारत को धर्म-जाति के नाम पर बांट कर देश की तहजीब व संस्कार को नष्ट कर दिया है। इस भारत जोड़ो यात्रा से अब लोग जागृत हो रहे हैं तथा इसके माध्यम से जुड़ कर अपनी पीड़ा साझा कर रहे हैं। लोगों को विश्वास है कि उनकी पीड़ा को दूर करते हुए देश व प्रदेश का अगर कोई बेहतर विकास करेगा तो सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस।

बताया कि हमने 12 जनपदों में यात्रा किया। प्रत्येक जनपदों में रात्रि प्रवास किया। किसी दिन 25-30 किलोमीटर तो किसी दिन 18 से 20 किलोमीटर की यात्रा किया। यह क्रम 12 दिन तक चला। प्रत्येक जनपदों में रात्रि प्रवास कर लोगों के बीच रहे और उनकी समस्याओं को जाना। सभी सहयात्री जोश, जज्बा व उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में चले। यात्रा के दौरान 12 दिन कैसे बिता, पता ही नहीं चला। उन्होंने बताया कि 15 दिसम्बर को यात्रा जब सुल्तानपुर में थी। उसी दिन मेरे बड़े भाई अवधेश राय हत्याकांड में गैंगस्टर एक्ट के तहत माफिया मुख्तार अंसारी को दस साल की सजा के साथ एमपी-एमएलए कोर्ट ने पांच लाख का जुर्माना भी लगाया। इस मुकदमे में मेरी गवाही पर यह फैसला हुआ। जिसके बाद हम सबका आत्मविश्वास, आत्मबल और बढ़ा। जहां भी अपराध होगा, जनता के हितों का हनन किया जाएगा, जनता का अधिकार छीना जाएगा, हर उस जगह पर मजबूती से लड़ते हुए हम कांग्रेसी जन हितों की रक्षा करेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा जरूरी है

अजय राय ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा इसलिये जरूरी है क्योंकि इससे पहले हमारे गणतंत्र, संविधान व संवैधानिक संस्थानों व मूल्यों पर कभी इतना हमला नहीं हुआ, जितना कि पिछले कुछ समय से हो रहा है। आज न्यायपालिका, चुनाव आयोग, रिजर्व बैंक तथा देश की संसद को हाईजैक कर उसके संवैधानिक स्वायत्तता को नष्ट करने का कार्य वर्तमान सत्ता में बैठे लोग कर रहे है। भारत जोड़ो यात्रा का मकसद भी यही है कि हम बच्चे, बूढ़े, नौजवान, महिलाएं, मजदूर, गरीब, किसान और आदिवासियों सबकी बात सुन सकें, उनकी समस्याओं का समाधान निकाल सकें। हम सफल भी हो रहें हैं, युवा खुल कर हमसे बात कर रहे हैं, साथ चल रहे हैं।

वार्ता में वरिष्ठ नेता सतीश चौबे, प्रजानाथ शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, जिला एवं महानगर अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, डॉ नृपेन्द्र नारायण सिंह आदि भी मौजूद रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular