प्रयागराज(हि.स.)। जनपद में रविवार को विभिन्न मामलों में पुलिस ने 17 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। करेली पुलिस ने गत दिवस युवक को गोली मारने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पिस्टल बरामद हुआ है।
करेली एवं एसओजी पुलिस टीम ने हाजीनगर मोहल्ले से रविवार को हाजीनगर निवासी मो.आसिफ, अल्तामस इकबाल, शाहिद, मोजीशान निवासी सुलतानपुर करेली को गिरफ्तार किया। टीम ने चारों के कब्जे से एक पिस्टल बरामद किया।
गौरतलब है कि शनिवार की शाम हाजी नगर मोहल्ले में गौसनगर के निवाी मो. फैजान को गोली मारकर घायल करने के बाद फरार हो गए थे। इस खुलासे के लिए एसओजी एवं करेली पुलिस को लगाया गया था।
दूसरी गिरफ्तारी घूरपुर थाने की पुलिस टीम ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मोहित पटेल, संदीप पटेल, श्याम सुन्दर पटेल, हर्ष सिंह एवं आकाश यादव को गिरफ्तार किया। गिरोह के कब्जे से दो हजार रुपये व पांच मोटर साइकिल बरामद किया है। इसी क्रम में जानलेवा हमला मामले के आरोपित मेराज अख्तर और मो.सालिम को गिरफ्तार किया।
तीसरी गिरफ्तारी जार्जटाउन पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार मामले में सोहबतियाबाग के रहने वाले अमन सोनकर और अभिषेक को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 20 शीशी अवैध शराब बरामद किया।
चौथी गिरफ्तारी धूमनगंज पुलिस ने शनि और अभिषेक तथा गिरिजेश शुक्ला उर्फ पिन्टू को बेगम बाजार से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से आठ बम बरामद किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
