प्रयागराज (हि.स.)। खीरी थाना क्षेत्र के गरकटा गांव से लापता मछुआरे का शव मंगलवार को टोंस नदी में उतराता हुआ पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
खीरी थाना क्षेत्र के गरकटा गांव निवासी संतोष आदिवासी (35) पुत्र बनवारी आदिवासी अपने दो पुत्र, एक बेटी व पत्नी मालती देवी का भरण-पोषण करने के लिए मछली का कारोबार करता था। बताया जा रहा है कि संतोष सोमवार की सुबह घर से मछली पकड़ने के लिए निकला और वापस नहीं लौटा।
घर आने में देर हुई तो परिजन खोजबीन करने लगे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह परिवार के लोग पुनः खोजने लगे। दोपहर बाद उसका शव टोंस नदी में उतराता हुआ दिखाई दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि एक मछुआरे कि शव टोंस नदी में पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो पाएगा।
प्रयागराज: टोंस नदी में मिला मछुआरे का शव, हत्या की आशंका
RELATED ARTICLES
