Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज : जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव से भ्रमण कर...

प्रयागराज : जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव से भ्रमण कर लिया जायजा

– सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सुनिश्चितता के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती

प्रयागराज (हि.स.)। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रविवार को दारागंज, बघाड़ा, सलोरी एवं राजापुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दारागंज से एनडीआरएफ टीम के साथ नाव से छोटा बघाड़ा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां के लोगों से जानकारी ली तथा बनाये गये बाढ़ राहत केन्द्रों में अवस्थापित होने के लिए कहा।

जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सुनिश्चितता बनाये रखने के लिए मजिस्ट्रेटों तथा लेखपालों की ड्यूटी लगाये जाने के साथ आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने गंगा एवं यमुना नदियों के निरंतर बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए कछारी मोहल्लों एवं तटीय ग्रामों में बाढ़ से प्रभावित हो रहे क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।

जिसके क्रम में खुल्दाबाद, करेली एवं शाहगंज, कोतवाली थाना क्षेत्रों के लिए नगर मजिस्ट्रेट, कर्नलगंज एवं शिवकुटी के लिए अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, धूमनगंज, कैण्ट एवं सिविल लाइंस के लिए अपर मजिस्ट्रेट द्वितीय, अतरसुईया एवं मुट्ठीगंज के लिए अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय तथा दारागंज, कीटगंज एवं जार्जटाउन थाना क्षेत्र के लिए अपर नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ की तैनाती की गयी है। जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऋषिकुल उत्तर माध्यमिक विद्यालय, कैण्ट हाईस्कूल, महबूब अली इण्टर कालेज तथा अन्य बाढ़ राहत केन्द्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि प्रत्येक बाढ़ राहत केन्द्र पर 24 घण्टे के लिए शिफ्ट वाइस लेखपालों की तैनाती रखी जाये। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि बाढ़ राहत केन्द्रों पर यदि किसी प्रकार की कमी पायी गयी, तो उसके लिए ड्यूटी पर तैनात सम्बंधित लेखपाल की जिम्मेदारी तय की जायेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एमपी सिंह, एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया, उपजिलाधिकारी सदर विवेक चतुर्वेदी सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES

Most Popular