प्रयागराज (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी डॉ वी.के सिंह ने आज भारी लाव लश्कर के साथ अपना नामांकन पत्र चार सेटों में दाखिल किया।
नामांकन के पूर्व सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पुलिस लाइंस के समीप आरडी पैलेस में एकत्रित हुए। वहां से पैदल भारी जुलूस के साथ नामांकन करने जिला पंचायत पहुंचे। जहां गेट पर जुलूस रोक दिया गया और केवल प्रस्ताव व अनुमोदन करने वालों को अंदर जाने दिया गया। नामांकन के बाद बाहर निकले भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा भारी बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य, सांसद केसरी देवी पटेल, सांसद प्रो रीता बहुगुणा जोशी, विधायकगण हर्षवर्धन बाजपेयी, नीलम करवरिया, प्रवीण पटेल, विक्रमाजीत मौर्य, अजय भारती, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, महापौर अभिलाषा गुप्ता, पूर्व जिपं अध्यक्ष रेखा सिंह, महानगर अध्यक्ष एवं गंगापार व यमुनापार जिलाध्यक्ष सहित तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
