प्रयागराज (हि.स.)। खीरी थाना क्षेत्र के सिलसिला गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान किसान की मौत हो गई। वारदात में दो महिला सहित तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत करने के बाद विधिक कार्रवाई कर रही है। खीरी थाना क्षेत्र के सिरहिरी गांव निवासी इन्द्र देव मिश्रा (55 वर्ष) पुत्र राम नरेश खेती करके दो पुत्र और दो पुत्री एवं प्रेमा का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे घर के पास ग्राम सभा की जमीन पर नव निर्माण कराने के लिए नींव की खुदाई काम शुरू किया था। इसी बीच पड़ोसी चांद सिंह, महेंद्र सिंह, दीपू सिंह, बनिया सिंह सिंह पुत्रगण वशिष्ठ सिंह विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष भिड़े गए और लाठी एवं लोहे का रॉड लेकर हमला कर दिया। हमले के दौरान इन्द्र देव मिश्रा, दिनेश मिश्रा, उर्मिला, सुनीता घायल हो गए। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। परिवार के लोग घायलों को लेकर पहले एक निजी अस्पताल गए जहां से चिकित्सकों ने ज़बाब दे दिया। जिससे परिवार के लोग सभी को लेकर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने इन्द्र देव मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार शुरू कर दिया है।उधर खबर मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट के दौरान एक अधेड़ की मौत हुई है। तीन लोग घायल हुए हैं। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Submitted By: Edited By: Deepak Yadav
