Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज के चार छात्र राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित

प्रयागराज के चार छात्र राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित

प्रयागराज (हि.स.)। सर्व शिक्षा अभियान अभियान व यूनिसेफ की ओर से ऑनलाइन आयोजित ‘मेरी उड़ान प्रतियोगिता’ में जनपद प्रयागराज से राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले चार बच्चों को मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज आशीष कुमार ने शुक्रवार को प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।  प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय बिगहियां, सोरांव की छात्रा साक्षी सिंह ने लघु कथा लेखन में प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं जसरा ब्लॉक के छात्र ज्ञान दत्त मिश्रा, चाका की छात्रा जिया और सोरांव ब्लॉक की छात्रा मुस्कान ने प्रतियोगिता में विजेता होकर प्रयागराज का नाम रोशन किया है। 
बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर हुए समारोह में मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार ने पुरस्कृत बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि जून, जुलाई, अगस्त व सितम्बर में आयोजित प्रतियोगिता में चारों बच्चों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई और सोरांव ब्लॉक की छात्रा साक्षी सिंह ने लगातार दो बार उड़ान प्रतियोगिता में फतह हासिल कर न केवल प्राथमिक विद्यालय बिगहियां का बल्कि विकास खण्ड सोरांव व जनपद का भी मान बढ़ाया है। 
इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुशवाहा, खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय अर्जुन सिंह, जिला समन्वयक बालिका ताज मोहम्मद, एमडीएम राजीव त्रिपाठी तथा टीचर्स गेम्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आशुतोष सिंह, एसआरजी सुनील तिवारी, टीचर्स गेम्स एसोसिएशन के वॉलीबाल प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी-अंतरराष्ट्रीय कोच मुकेश शुक्ला, एआरपी उरुवा सुनील शुक्ला, राजेश मिश्रा आदि ने अपनी शुभकामनाएं व बधाई दी। 
उल्लेखनीय है कि प्राथमिक विद्यालय बिगहियां की सहायक अध्यापिका रीता शर्मा के उत्कृष्ट प्रयासों से ही कई वर्षो से लगातार विद्यालय के बच्चे राज्य स्तर तक विभिन्न विधाओं में विकास खंड सोरांव का नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अल्पना सिंह, सहायक अध्यापिका रीता शर्मा, माधुरी गुप्ता, कल्पना देवी, पूनम, स्वाति सिंह, शिक्षक अंकित पांडेय, होरी लाल, एआरपी सुरेश तिवारी, शशिकांत मिश्रा, पंकज त्रिपाठी, ओम प्रकाश त्रिपाठी, बिजेंद्र सिंह, जितेंद्र राम आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular