प्रयागराज (हि.स.)। करेली एवं एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार दोपहर अन्तर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग के सात सदस्यों को असगरी तिराहा के समीप से गिरफ्तार किया। गिरोह के कब्जे से पुलिस ने चोरी के लाखों की जेवरात एवं धातु गलाने के मशीन, पाउडर एवं अन्य उपकरण, दो मोटर साइकिल और 22 हजार से अधिक नकद रुपये बरामद किया है।
उक्त जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश कुमार सिंह ने रविवार शाम बताया कि पकड़े गए गिरोह के सदस्यों में प्रयागराज नगर कोतवाली के ठठेरी बाजार निवासी अंजनी कुमार सोनार और बिहार प्रांत के बेगूसराय जनपद के डण्डारी थाना क्षेत्र के तेतरी गांव निवासी पीयूष कुमार, बिहार बेगूसराय के नावकोठी निवासी धमेन्द्र कुमार साहनी, नावकोठी निवासी विनोद कुमार, नावकोठी निवासी अरूण साह, बेगूसराय जनपद के डण्डारी थाना क्षेत्र के तेतरी गांव निवासी कन्हैया कुमार, बिहार के समस्तीपुर जनपद के हसनपुर थाना क्षेत्र में स्थित मोइनुद्दीनपुर निवासी छोटू कुमार है।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्र करेली, कैण्ट, खुल्दाबाद, कीडगंज, दारागंज में गिरोह के सदस्य आईएमसी कंपनी का उत्पाद बेचने के बहाने घरों को रैकी करते हैं और जिस घर में केवल महिलाएं होती है, उनके पास सोने-चांदी के गहने साफ कराने के बहाने जाते हैं और पास मिले पाउडर से साफ करने लगते हैं। मौका देखते जेवरात लेकर फरार हो जाते हैं। इस तरह कई वारदातों का खुलासा हुआ है। सभी के विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के निर्देश पर क्षेत्राधिकरी प्रथम सत्येन्द्र प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में करेली थानाध्यक्ष बृजेश सिंह एवं एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम गिरोह की तलाश में लगी हुई थी। जिसके तहत रविवार दोपहर उक्त गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तारी करने में कामयाबी मिली है। गिरोह के कब्जे से कब्जे से 40 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा, जले हुए 3 नग, 01 पाकेट तौल मशीन आदि बरामद किये गये।
